Prayagraj : अशरफ के पूर्व गनर इरफान गद्दी की गोली मारकर हत्या
प्रयागराज में फिर गूंजी गोलियां: अतीक के भाई अशरफ के पूर्व गनर इरफान गद्दी की बीच सड़क हत्या, इलाके में हड़कंप
प्रयागराज: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक बार फिर एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। करेली थाना क्षेत्र के गौस नगर इलाके में माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ के गनर रह चुके ‘इरफान गद्दी’ की बीच सड़क पर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
सीने में लगी गोली, तड़प कर तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गौस नगर में इरफान गद्दी पर अचानक हमलावरों ने फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे इरफान के सीने में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर ही गिरकर तड़पने लगा।
बताया जा रहा है कि घटना के काफी देर बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही डीसीपी (DCP) सिटी मनीष कुमार शांडिल और एडिशनल डीसीपी राजकुमार मीणा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
कौन था इरफान गद्दी? पुरानी रंजिश का शक
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक इरफान गद्दी एक समय में बाहुबली माफिया अशरफ (अतीक अहमद का भाई) के बेहद करीबियों में गिना जाता था और उसकी सुरक्षा में हमेशा बंदूक लेकर चलता था।
पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश का मामला सामने आ रहा है। इरफान का चकिया निवासी आशिफ दुर्रानी से पुराना विवाद चल रहा था।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आशिफ दुर्रानी और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एडिशनल डीसीपी राजकुमार मीणा ने बताया कि पुलिस पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
मौके से कई अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
15 अप्रैल 2023 को हुई थी अतीक-अशरफ की हत्या
गौरतलब है कि इरफान गद्दी के आका अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की भी पिछले साल 15 अप्रैल 2023 को पुलिस कस्टडी में सनसनीखेज तरीके से हत्या कर दी गई थी।
प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल के पास मेडिकल चेकअप के लिए ले जाते समय तीन हथियारबंद हमलावरों ने लाइव कैमरे के सामने दोनों भाइयों को गोलियों से भून दिया था।
अशरफ के पूर्व गनर की हत्या ने एक बार फिर पुराने माफिया नेटवर्क और गैंगवार की सुगबुगाहट को तेज कर दिया है।











