पीएम मोदी बर्धमान रैली

PM मोदी बर्धमान रैली: TMC के भ्रष्टाचार पर लाएंगे ‘व्हाइट पेपर’ – वीडियो

बंगाल चुनाव: PM मोदी की हुंकार, सत्ता में आते ही TMC के घोटालों पर लाएंगे ‘व्हाइट पेपर’, महिलाओं को ₹3000 

पूर्व बर्धमान: द पॉलिटिक्स आगे अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राज्य का सियासी पारा अपने चरम पर पहुंच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व बर्धमान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर अब तक का सबसे तीखा प्रहार किया है।

पीएम मोदी ने बंगाल की जनता से वादा किया है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनते ही ‘सिंडिकेट राज’ का पूरी तरह से खात्मा कर दिया जाएगा।

TMC के 15 साल के शासन पर आएगा ‘व्हाइट पेपर’

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने सीधा आरोप लगाया कि राज्य में मंत्रियों, विधायकों और स्थानीय स्तर पर फैले सिंडिकेट माफियाओं द्वारा एक ‘व्यवस्थित तरीके से लूट’ (Systematic Loot) को अंजाम दिया गया है।

पीएम मोदी ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा, “बीजेपी की सरकार बनने पर हम एक ‘व्हाइट पेपर’ (श्वेत पत्र) लाएंगे, जिसमें TMC के विधायकों, मंत्रियों और सिंडिकेट के 15 सालों के भ्रष्टाचार का पूरा कच्चा-चिट्ठा और लेखा-जोखा बंगाल की जनता के सामने रखा जाएगा। हर ऐसे अपराध को रोकने के लिए हमारी सरकार सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।”

महिलाओं के लिए ₹3000 का ‘मास्टरस्ट्रोक’

बंगाल की आधी आबादी यानी महिला मतदाताओं को साधने के लिए पीएम मोदी ने एक बड़ा चुनावी वादा किया।

उन्होंने घोषणा की कि राज्य में बीजेपी की सरकार बनते ही महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जाएगी।

‘योजनाएं बंद नहीं होंगी, बिचौलिए खत्म होंगे’

TMC द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि बंगाल में बीजेपी के बढ़ते समर्थन से TMC घबरा गई है और झूठ फैला रही है।

उन्होंने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा, “TMC कह रही है कि बीजेपी आने पर पुरानी योजनाएं बंद हो जाएंगी। सच्चाई यह है कि बीजेपी किसी भी योजना को बंद नहीं करेगी, बल्कि हम भ्रष्टाचार और बिचौलियों को खत्म करके योजनाओं का पूरा पैसा सीधे जनता तक पहुंचाएंगे।”

केरल और बंगाल में जीत का पक्का दावा

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में केरल के चुनावी समीकरणों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केरल में एलडीएफ (LDF) और यूडीएफ (UDF) दोनों ही अब जीत का दावा करने की स्थिति में नहीं हैं।

पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि जहां भी महिलाओं की चुनाव में ज्यादा भागीदारी होती है, वहां बीजेपी और एनडीए (NDA) को भारी जनादेश मिलता है। इसी समीकरण के आधार पर उन्होंने बंगाल में भी प्रचंड जीत का दावा किया है।

23 और 29 अप्रैल को होना है मतदान

आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में इस बार विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।

2021 के चुनावों में TMC ने 213 सीटों के साथ बड़ी जीत हासिल की थी, वहीं बीजेपी 77 सीटें जीतकर प्रमुख विपक्षी दल बनी थी। इस बार दोनों के बीच का यह मुकाबला ‘करो या मरो’ की स्थिति में पहुंच गया है।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.