जन्माष्टमी पर न लिया जाए जनता से कोई चंदा : यूपी डीजीपी राजीव कृष्ण

“उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और शालीनता के साथ मनाने का निर्देश दिया है”

लखनऊ 11 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

उन्होंने सभी पुलिस कमिश्नर, जिलों के पुलिस कप्तान, एसपी रेलवे और पीएसी के सेनानायकों को जारी निर्देश में कहा कि पुलिस विभाग द्वारा इस त्योहार को शालीनता एवं हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने की परंपरा रही है।

यह सुनिश्चित किया जाए कि जनता से किसी भी तरह का चंदा न लिया जाए। पुलिसकर्मियों के वेतन से इस आशय की अनिवार्य कटौती न की जाए। इस अवसर पर कोई अशोभनीय नृत्य का कार्यक्रम न हो।

संबंधित पुलिस कमिश्नर, जिला प्रभारी एवं सेनानायक पहले से ही इस संबंध में किए जाने वाले कार्यक्रमों का भली-भांति अवलोकन कर लें और प्रत्येक स्तर पर सुनिश्चित करें कि कोई अशोभनीय एवं अश्लीलतापूर्ण संवाद अथवा नृत्य न होने पाए।