मुंबई : 17 बच्चों की बची जान, आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

“मुंबई के पवई इलाके में 17 बच्चों को बंधक बनाने वाले रोहित आर्य की पुलिस फायरिंग में मौत हो गई। आरोपी ने फिल्म ऑडिशन के बहाने बच्चों को बंधक बनाया था। पुलिस ने बचाव अभियान चलाकर सभी बच्चों को सुरक्षित छुड़ा लिया”

मुंबई 31 / 10 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

मुंबई के पवई इलाके में गुरुवार दोपहर हुई एक सनसनीखेज घटना में रोहित आर्य नाम के शख्स ने 17 बच्चों को बंधक बना लिया था। पुलिस ने बच्चों को छुड़ाने के लिए गोली चलाई, जिसमें रोहित को सीने में गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सभी 17 बच्चों को सात हिल्स अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया, ‘यह बंधक बच्चों को छुड़ाने के लिए पुलिस द्वारा की गई फायरिंग थी।

इसलिए इसे मुठभेड़ नहीं कहा जा सकता। पुलिस ने बंधक बच्चों को छुड़ाने के लिए गोली चलाई और गोली आरोपी (रोहित आर्य) को लगी, जिससे वह घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।’