इंडिगो की आज 400 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल
“इंडिगो एयरलाइंस में फ्लाइट कैंसिलेशन का संकट अभी भी बरकरार है, मुंबई, दिल्ली और कई बड़े एयरपोर्ट्स पर लगातार चौथे दिन भी अफरा-तफरी मची है। किसी की फ्लाइट बिना बताए कैंसल कर दी गई, तो कोई घंटों से री-शेड्यूल का इंतजार कर रहा है”
नई दिल्ली 05 / 12 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
मुंबई-दिल्ली समेत देश के कई हवाई अड्डों पर शुक्रवार सुबह भी इंडिगो की फ्लाइट कैंसिलेशन का संकट और गहरा गया। सैकड़ों यात्री घंटों से टर्मिनल पर फंसे हैं। किसी की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई, तो कोई अपने बच्चे के स्कूल प्रोग्राम से चूक गया।
हालात यह हैं कि इंडिगो की उड़ानें रद्द होने के बाद दूसरी एयरलाइंस ने टिकटों के दाम कई गुना बढ़ा दिए हैं। जो टिकट 5-6 हजार में मिल रहा था, वह अब 30-40 हजार रुपये तक पहुंच चुका है। ऐसे में यात्रियों का दर्द एयरपोर्ट पर साफ झलक रहा है।
दिल्ली से Indigo की सभी उड़ानें रद्द
दिल्ली हवाई अड्डे से इंडिगो की सभी घरेलू उड़ानें शुक्रवार मध्यरात्रि तक रद्द कर दी गई हैं, यह जानकारी हवाई अड्डा ऑपरेटर DIAL ने दी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने फ्लाइट शेड्यूल की पुष्टि पहले ही कर लें और यात्रा में होने वाली असुविधाओं के लिए तैयार रहें।
हैदराबाद की 92 उड़ानें हुई प्रभावित
5 दिसंबर की स्थिति के अनुसार, इंडिगो की उड़ानों में रद्द होने की संख्या सामने आई है। आज हैदराबाद में आने वाली उड़ानों में 43 और जाने वाली उड़ानों में 49 फ्लाइट्स कैंसल हुई हैं। यात्रियों को अपनी यात्रा की प्लानिंग में बदलाव करना पड़ सकता है।











