Advocate Murder Accused Encounter

मिर्ज़ापुर अधिवक्ता हत्याकांड: मुख्य आरोपी राजेंद्र के दोनों पैरों में लगी गोली

अधिवक्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस की जवाबी फायरिंग में राजेंद्र सोनकर के दोनों पैरों में लगी गोली

कटरा: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

अधिवक्ता हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

शनिवार रात कटरा कोतवाली क्षेत्र में पीएसी के पीछे स्थित पहाड़ी पर पुलिस और आरोपी के बीच यह मुठभेड़ हुई।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में हत्याकांड के मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में धर दबोचा गया।

पुलिस को देख आरोपी ने की फायरिंग

एएसपी सिटी नितेश सिंह ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अधिवक्ता हत्याकांड के बाद से ही मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर और उसके साथी की तलाश सरगर्मी से की जा रही थी।

इसके लिए पुलिस की पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। शनिवार रात मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर पीएसी के पीछे वाली पहाड़ी पर छिपा हुआ है।

सूचना मिलते ही कटरा कोतवाल वैद्यनाथ सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।

खुद को पुलिस से घिरता देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पैरों में लगी गोली, तमंचा और बाइक बरामद

हत्यारोपी की ओर से की गई फायरिंग से खुद को बचाते हुए पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।

इस फायरिंग में आरोपी राजेंद्र सोनकर के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा और एक बाइक भी बरामद की गई है। घायल आरोपी को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

फरार साथी की भी हुई पहचान, जल्द होगी गिरफ्तारी

इस बड़ी कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक (SP) अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि हत्याकांड के बाद से ही पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।

पुलिस की यह मेहनत रंग लाई और मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया। एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि वारदात में शामिल उसके फरार साथी की भी पहचान कर ली गई है।

उसकी गिरफ्तारी के लिए भी टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.