मेरठ : वलीमे में बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग, मासूम समेत 3 घायल
वलीमे की दावत में ‘खूनी खेल’: पुरानी रंजिश में बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 साल के मासूम समेत तीन को लगी गोली”
मेरठ: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
लोहियानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक वलीमे (शादी की दावत) के दौरान खौफनाक वारदात सामने आई।
पुरानी रंजिश को लेकर हथियारों से लैस सात आरोपियों ने मंडप में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
इस जानलेवा हमले में दो सगे भाइयों और एक दो साल के मासूम बच्चे को गोली लगी है। तीनों घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
फिल्मी स्टाइल में मंडप में घुसे, दावत खाते वक्त किया हमला
जानकारी के अनुसार, बुनकर नगर निवासी फैजान का पुराने कमेले के पास ‘स्टार हैरिटेज मंडप’ में वलीमा चल रहा था।
वलीमे में शामिल लोग नाच-गाकर खुशियां मना रहे थे। रात करीब 11 बजे बुनकर नगर के ही रहने वाले दो भाई—इरफान और राजा (जिनकी चाय की दुकान है) अपने परिवार के साथ खाना खा रहे थे।
इसी दौरान लिसाड़ी गेट के अहमद नगर निवासी मुख्य आरोपी सुहैल अपने भाई काला, उवैस और चार अन्य अज्ञात बदमाशों के साथ हाथों में पिस्टल लेकर मंडप में आ धमका।
मासूम बच्चे के आर-पार हुई गोली, मंडप में मची चीख-पुकार
आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते इरफान और राजा को निशाना बनाते हुए गालियां देते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
जान बचाने के लिए राजा अपने भाई और 2 साल के बेटे हम्माद के साथ भागा, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उन्हें गोली मार दी।
हमले में इरफान के पेट और हाथ में, राजा के हाथ में और मासूम हम्माद की जांघ के आर-पार गोली लग गई।
गोलियों की तड़तड़ाहट से मंडप में भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपने लगे।
मदद के लिए तड़पते रहे घायल, पुलिस का नहीं दिखा खौफ
आरोपियों के सिर पर इस कदर खून सवार था कि उन्होंने करीब 5 मिनट तक मंडप के अंदर जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों में न तो भीड़ का डर दिखा और न ही पुलिस का कोई खौफ।
तीनों घायल लहूलुहान होकर जमीन पर गिरे मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन दहशत के मारे कोई भी शख्स आगे नहीं आया।
आरोपी दोनों भाइयों को मरा हुआ समझकर वहां से बड़े आराम से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के करीब आधा घंटे बाद लोग कमरों से बाहर निकले।
SP सिटी मौके पर पहुंचे, 2 विशेष टीमें गठित
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले और फोरेंसिक टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।
एसपी सिटी ने बताया कि सुहैल और उसके भाइयों की राजा और इरफान से पुरानी रंजिश चल रही है। इसी को लेकर दोनों पक्ष पहले भी आमने-सामने आ चुके हैं और आरोपी पहले भी जान से मारने की धमकी दे चुका था।
फायरिंग की यह पूरी खौफनाक वारदात मंडप में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस की दो टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











