जौनपुर : सिर कूचकर युवक की हत्या, मचा कोहराम
“जौनपुर जिले में एक युवक की सिर कूचकर हत्या कर दी गई। सूचना पाकर माैके पर सुजानगंज थाने की पुलिस भी पहुंच गई। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में ले लिया गया”
जौनपुर 23 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
सुजानगंज थाना क्षेत्र के सराय पंडरी गांव में मनोज कुमार यादव (27) की घर से पांच सौ मीटर दूर पाही पर बीती रात में सिर कूचकर हत्या कर दी गई। मनोज यादव पाही पर सोने गया था।
सुबह भतीजा प्रदीप यादव जब पाही पर पहुंचा तो छत पर मनोज की खून से सनी लाश देख उसके होश उड़ गए। शोर करने पर गांव और परिजन पहुंचे। घर में कोहराम मच गया।
मृतक के भांजे अमन यादव के अनुसार, शुक्रवार रात मनोज अपने पम्पिंग सेट पर 8-9 दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे थे। इस दौरान गांव के कुछ युवक और सुजानगंज बाजार से आए लोग मौजूद थे।
सूत्रों के अनुसार पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपियों ने लोहे की रॉड और ईंट-पत्थर से हमला कर मनोज की हत्या कर दी। मनोज स्वर्गीय भगेलू राम यादव के पुत्र थे।
सुजानगंज पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी बदलापुर गोल्डी गुप्ता ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली थी कि सराय पड़री गाँव में पाही पर युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है।











