जौनपुर : जिलाधिकारी द्वारा लीलावती नेत्र चिकित्सालय का औचक निरीक्षण
“जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र के द्वारा राजकीय लीलावती नेत्र चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया गया”
जौनपुर 27 / 04 / 2025 मंगेश प्रजापति की रिपोर्ट
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में नेत्र चिकित्सक मौके पर उपस्थित नहीं पाये गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 लक्ष्मी सिंह ने अवगत कराया कि उक्त चिकित्सकों की ड्यूटी पुलिस भर्ती परीक्षा में लगाई गयी है, जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि नेत्र चिकित्सकों की अनुपस्थिति में एक वैकल्पिक नेत्र चिकित्सक की ड्यूटी अस्पताल में लगाई जानी चाहिए थी।
जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि तत्काल सुनिश्चित करें कि नेत्र चिकित्सक नियमित रूप से समय से उपस्थित होकर मरीजों का इलाज करें।साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि नियमित रुप से अस्पताल में साफ सफाई कराना सुनिश्चित करें।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित चिकित्सालय में आये मरीजों राजकुमारी देवी, इंद्रावती, केशव विश्वकर्मा और पन्नालाल जो अपनी आंख के इलाज के लिए आए थे, उनसे संवाद किया तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी के वाहन से उपस्थित मरीजों को जिला अस्पताल भेज कर उनका समुचित इलाज कराये जाने हेतु निर्देशित किया।
जिलाधिकारी की पहल पर मुख्य चिकित्साधिकारी के द्वारा उक्त मरीजो का तत्काल इलाज कराते हुए और उन्हें दवा दिलाकर जिलाधिकारी को भी अवगत करा दिया गया है।











