जौनपुर : स्कूल चलो अभियान, पौधरोपण व स्वच्छता जागरूकता अभियान सकुशल संपन्न
“बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ0 गोरखनाथ पटेल ने जलालपुर ब्लाक के कंपोजिट विद्यालय ओइना में ब्लॉक स्तरीय स्कूल चलो अभियान रैली/नामांकन मेला का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। विद्यालय में नामांकन के साथ साथ पौधरोपण व स्वच्छता जागरूकता अभियान भी चलाया गया”
जौनपुर / जलालपुर 14 / 07 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूल चलो अभियान रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली में बच्चे स्कूल चलो अभियान सम्बन्धी नारों-स्लोगन की तख्ती-बैनर लिए चल रहे थे। बच्चों ने रैली के दौरान प्रेरणादायक नारे ’हर घर में एक दीप जलेगा, हर बच्चा स्कूल चलेगा’लगाया।
साथ ही ’हम बच्चों का नारा है, शिक्षा अधिकार हमारा है’ और ’आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे’ जैसे नारों से ग्रामीणों को जागरूक किया। बीएसए ने कहा कि समस्त स्टाफ गांव में जाकर अभिभावकों से संपर्क कर नामांकन में वृद्धि करें।बच्चों का नामांकन व उपस्थित शत प्रतिशत सुनिश्चित करें।
बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी और शिक्षकों ने रैली के माध्यम से घर-घर जाकर अभिभावकों को उनके बच्चों के नामांकन व शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए प्रेरित किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने फार्म भरकर नामांकन किया और बच्चों का माला पहनाकर स्वागत व अभिनन्दन किया।
नामांकित बच्चों को पुस्तक व कापी-पेन भी दी गयी।बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारी व शिक्षकों ने घास साफ कर , झाड़ू लगाकर साफ-सफाई कर अन्य लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया। एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत विद्यालय परिसर में फलदार व छायादार पौधे रोपित किए गए।
उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान, स्वच्छता अभियान और पौधारोपण, ये तीनों ही शिक्षा और पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण अभियान हैं। “स्कूल चलो अभियान“ का उद्देश्य बच्चों को स्कूल भेजने और शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
जबकि “स्वच्छता अभियान“ का उद्देश्य स्कूलों और आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखना है। “पौधारोपण“ अभियान का उद्देश्य पर्यावरण को हरा-भरा बनाना और पेड़ों को लगाना है। इन तीनों अभियानों का उद्देश्य छात्रों और समाज के लिए एक बेहतर भविष्य का निर्माण करना है।
आयोजक खंड शिक्षा अधिकारी जलालपुर राजेश कुमार सिंह को निपुण असेसमेंट में प्रदेश में शीर्ष स्थान लाने पर प्रशस्ति पत्र का स्मृति चिन्ह प्रदान का सम्मानित किया। कंपोजिट विद्यालय ओइना के प्रधानाध्यापक व नोडल संकुल शोभनाथ यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि इन अभियानों के माध्यम से, छात्रों को न केवल शिक्षा और स्वच्छता के महत्व को समझने में मदद मिलती है, बल्कि वे एक बेहतर और स्वस्थ जीवन जीने के लिए भी प्रेरित होते हैं।
इस अवसर पर समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, समस्त एआरपी, प्रधानाध्यापक प्रेमचन्द, विद्यालय के समस्त स्टाफ, समस्त नोडल संकुल, शिक्षक प्रतिनिधि पवन कुमार सिंह, गिरीश कुमार सिंह, कमलेश सिंह, शैलेश कुमार सिंह,अशोक यादव, योगेश कुमार, रविप्रकाश, नोडल संकुल मुहम्मद इमरान, कँवलधारी, विधाता यादव, सुरेश सिंह, उदय प्रताप, अनिल कुमार, रुद्रसेन सिंह, ए आर पी आशीष सिंह, संतोष विश्वकर्मा, सहित अन्य सम्मानित शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीषी श्रीवास्तव ने किया।











