जौनपुर : जेल में बंदी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में मौत

“जिला कारागार में शनिवार को एक बंदी की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसे आनन- फानन में जिला चिकित्सालय ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जेल अधीक्षक के मुताबिक बंदी कई दिनों से बीमार था। उसका उपचार जिला कारागार के अस्पताल में चल रहा था”

जौनपुर 27 / 04 / 2025 वरुण यादव की रिपोर्ट 

जेल अधीक्षक डॉ. विनय द्विवेदी ने बताया कि मछलीशहर के शादीगंज मोहल्ला निवासी कुलदीप (56) बीते 13 अप्रैल को जमीन के विवाद के मामले में कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया था। वहां उसकी तबीयत ठीक नहीं रहती थी। उसका वजन 39 किलो था।

वह हाइपरटेंशन, पेट दर्द, कब्ज, स्लिप डिस्क की बीमारी से ग्रसित था। इससे उसे खाने और सोने में समस्या थी। दो दिन पहले उसकी पत्नी उससे मिलने जेल पहुंची थी। उसकी बीमारी को देखते हुए बीते शनिवार को ही पुलिस सुरक्षा मांगी गई थी ताकि जिला अस्पताल में उसे दिखाया जा सके।

शुक्रवार की रात 2:30 बजे रात में उसे घबराहट हुई थी, जहां से फार्मासिस्ट उसको उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। जेल अधीक्षक ने बताया कि उसके शव को मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है। सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। परिजनों के आने पर शव उनको दे दिया जाएगा।