जौनपुर / मछलीशहर : बाइक से टकराई अनियंत्रित डीसीएम, शिक्षक समेत दो की मौत
“मछलीशहर क्षेत्र स्थित छाछो गांव के समीप शुक्रवार को अनियंत्रित डीसीएम एक बाइक को टक्कर मारते हुए गड्ढे में पलट गया। हादसे में बाइक सवार अध्यापक और उनके दोस्त की मौत हो गई”
मछलीशहर 24 / 05 / 2025 वरिष्ठ संवाददाता अब्दुल हई की रिपोर्ट
मीरगंज थाना क्षेत्र के दाउदपुर कोंटिया गांव निवासी प्रदीप कुमार सिंह (48) और उनके दोस्त भिटहा गांव निवासी सुनील कुमार सिंह (50) का जौनपुर शहर में अपना निजी मकान है। सुनील सिंह मीरगंज सर्वोदय इंटर काॅलेज में अध्यापक थे।
दोनों दोस्त बृहस्पतिवार को एक ही बाइक से बरात में शामिल होने जौनपुर गए थे। देर रात बरात से लौटकर जौनपुर स्थित अपने मकान पर रुके थे। शुक्रवार को सुबह दोनों बाइक से घर के लिए निकले थे।
जौनपुर रायबरेली हाईवे स्थित छाछो गांव के निकट विपरीत दिशा से आ रही डीसीएम ट्रक अनियंत्रित हो गई और दोनों को रौंदते हुए पुल के नीचे गड्ढे में पलट गया। बाइक भी ट्रक में फंस कर गड्ढे में चली गई। वाहन के साथ दोनों दोस्त भी घसीटते हुए गड्ढे में जा गिरे। इससे सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक अपराध राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीसीएम ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक मौके से फरार है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।











