जौनपुर : मरीज के मौत के बाद परिजनों ने किया हंगामा, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप
“लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कलीचाबाद स्थित अरुणोदय सर्जिकल एंड ट्रॉमा सेंटर में रविवार को एक युवक की मौत हो गई। आरोप है कि डॉक्टर ने उसे गलत इंजेक्शन लगाया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया”
जौनपुर 31 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 1 बजे सनोज सोनकर (पुत्र श्री सोनकर), निवासी कबीरुद्दीनपुर थाना गौराबादशाहपुर, अपनी पित्त की थैली में पथरी का ऑपरेशन कराने अस्पताल पहुंचे थे।
परिजनों के अनुसार डॉक्टर ने ऑपरेशन की तैयारी कराई और उन्हें इंजेक्शन लगाया। कुछ ही देर बाद सनोज की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने कई बार मरीज से मिलने की मांग की, लेकिन उन्हें नहीं मिलने दिया गया।
बाद में सीने पर दबाव (प्रेशर) देते हुए डॉक्टर बाहर आए और आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर सनोज को वाराणसी के एपेक्स हॉस्पिटल भेज दिया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चचेरे भाई सुरेश कुमार सोनकर ने बताया, “हमारे भाई को पथरी का ऑपरेशन कराने लाया गया था। डॉक्टर ने उन्हें गलत इंजेक्शन लगाया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई।
जब तक हमें जानकारी मिली, डॉक्टर उन्हें जबरन एंबुलेंस से वाराणसी भेज चुके थे। वहां डॉक्टरों ने कहा कि उनकी मौत हो चुकी है। हम डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहते हैं।”











