जौनपुर : शाहगंज जंक्शन पर कामाख्या एक्सप्रेस से 43 किलो गांजा बरामद

“रेलवे पुलिस को ट्रेनों में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। शनिवार रात को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाया”

शाहगंज 04 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

पुलिस टीम ने सभी ट्रेनों की जांच की। रात करीब साढ़े नौ बजे ट्रेन संख्या 15624 भगत की कोठी-कामाख्या एक्सप्रेस शाहगंज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंची। जांच के दौरान कोच नंबर B6 में सीट नंबर 34-35 के पास चार लावारिस बैग मिले।

आरपीएफ और जीआरपी द्वारा जांच करने पर तीन बैग और एक ट्रॉली बैग में प्लास्टिक में पैक पदार्थ मिला। इनसे नशीले पदार्थ की गंध आ रही थी। बैगों को ट्रेन से उतारकर जांच करने पर पता चला कि यह गांजा है।

रेलवे पुलिस ने पूरी ट्रेन में बैग के मालिक को तलाशा, लेकिन वह नहीं मिला। संभवतः तस्कर को पुलिस कार्रवाई की जानकारी हो गई थी और वह मौका देखकर फरार हो गया। चारों बैगों में पैक मादक पदार्थ का वजन 43 किलो निकला।

रेलवे पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद बरामद मादक पदार्थ को आगे की कार्यवाही के लिए भेज दिया। सूत्रों के अनुसार शाहगंज रेलवे स्टेशन के रास्ते बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की तस्करी हो रही है।

गांजा बरामद करने वाली टीम में थानाध्यक्ष जीआरपी जौनपुर सुनील कुमार गौंड, उप निरीक्षक जीआरपी चौकी प्रभारी शाहगंज राजीव कुमार सिंह, प्रभारी आरपीएफ शाहगंज उप निरीक्षक जी पी बहुगुणा, हेड कांस्टेबल दिलीप कुमार यादव, विजय शंकर गुप्ता और दिनेश कुमार यादव शामिल थे।