जम्मू-कश्मीर : वैष्णो देवी रूट पर भूस्खलन से मची तबाही, 32 मौत, 24 घंटे से ट्रैक पर फंसी स्वराज एक्सप्रेस
“जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी धाम की तरफ जाने वाले रास्ते पर भारी बारिश से भूस्खलन हो गया। हादसे में 32 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि करीब 20 लोगों के घायल होने की खबर है। अर्द्धकुंवारी के पास बुए भूस्खलन ने यात्रा मार्ग को प्रभावित कर दिया है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है”
नई दिल्ली 27 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
भूस्खलन वैष्णो देवी मंदिर के मार्ग पर स्थित अर्द्धकुंवारी गुफा मंदिर में इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास हुआ। त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित मंदिर मार्ग का बड़ा हिस्सा मलबे में ढेर हो गया है। आशंका है कि मलबे में और भी लोग दबे हो सकते हैं। सेना और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।
यह ट्रेन मंगलवार दोपहर 12 बजे से फंसी हुई है, जिसमें बड़ी संख्या में यात्री हैं। रात भर यात्रियों को ट्रेन में ही गुजारनी पड़ी। यात्रियों को खाना भी ट्रेन में ही दिया जा रहा है। आस-पास के गांव से खाने का इंतजाम किया गया।
जम्मू के लिए रेल मार्ग बंद
भारी बारिश के चलते रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन और जलभराव के कारण जम्मू के लिए रेल मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया। आज सुबह से एक भी ट्रेन जम्मू नहीं पहुंच पाई। केवल पठानकोट तक ही ट्रेन जा पा रही है।
6 ट्रेन अपने गंतव्यों के लिए होंगी रवाना
वहीं, अब खबर आई है कि जम्मू से ट्रेन सेवाएं एक दिन निलंबित रहने के बाद बुधवार को बहाल कर दी गईं। अधिकारियों ने बताया कि छह ट्रेन अपने गंतव्यों के लिए रवाना होंगी।
उत्तर रेलवे ने मंगलवार रात को भारी बारिश के कारण जम्मू और कटरा रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाली 22 ट्रेन रद्द करने की घोषणा की थी, जबकि 27 ट्रेन को संभाग के विभिन्न स्टेशनों पर बीच मार्ग में रोक दिया गया।
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, “जम्मू से ट्रेन सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। छह ट्रेनें, जिन्हें या तो रद्द कर दिया गया था या जिन्हें बीच में ही रोक दिया गया था, आज अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगी।”











