जम्मू-कश्मीर : डोडा में बादल फटने से मची तबाही

“डोडा जिले में लगातार भारी बारिश के कारण भूस्खलन, मिट्टी धंसने और पत्थर गिरने की घटनाएं हुई हैं, जिसके कारण कई संपर्क सड़कों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग के कई हिस्से बंद हो गए हैं”

जम्मू-कश्मीर 26 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

जम्मू-कश्मीर के डोडा में बादल फटने से एक बार फिर तबाही मच गई है। 10 से ज्यादा घर तबाह हो गए हैं। डोडा जिले में लगातार भारी बारिश के कारण भूस्खलन, मिट्टी धंसने और पत्थर गिरने की घटनाएं हुई हैं, जिसके कारण कई संपर्क सड़कों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग के कई हिस्से बंद हो गए हैं।

ये बादल डोडा जिले के थाथरी उप-मंडल में फटा है। जहां अचानक से तबाही मच गई है। इससे पहले किश्तवाड़ और थराली में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, घटना की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा जमा हो गया और कई मकान तबाह हो गए।

हालांकि, किसी के हताहत होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। घटना स्थल पर राहत व बचाव कार्य के लिए टीम पहुंच चुकी है। इसके अलावा प्रशासन ने भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।

कई जगहों पर रूट डायवर्ट

रियासी जिले के सीला गांव के पास भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है, जिससे कटरा-शिवखोड़ी नेशनल हाईवे बंद हो गया है। हाईवे पर मलबा और पत्थर गिरने से आवाजाही ठप हो गई है। पुलिस और प्रशासन ने तुरंत ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट कर दिया है।

डीएसपी रियासी विशाल जम्वाल ने बताया कि बारिश से बलवा सड़क भी प्रभावित हुई हैं। चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, जिससे कुछ इलाकों में खतरे की आशंका है।

ऐसे स्थानों पर SDRF टीमें तैनात की गई हैं। प्रशासन ने खासकर नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है।