लखनऊ में ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का लोकार्पण, INS गोमती बना मुख्य आकर्षण
लखनऊ में ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का भव्य लोकार्पण: राजनाथ बोले- ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ से ‘वन प्रोडक्ट’ बना यूपी “
लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय नौसेना के शौर्य, पराक्रम और आधुनिक तकनीकी क्षमता को समर्पित ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का भव्य लोकार्पण किया गया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस महात्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन किया।
इकाना स्टेडियम के पास स्थित सीजी सिटी (CG City) में विकसित यह वाटिका अब पर्यटकों और युवाओं के लिए देशभक्ति और सेना के गौरव का नया केंद्र बन गई है।
इस अवसर पर दोनों उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने आक्रामक और ओजस्वी बयानों से कार्यक्रम का सियासी तापमान भी बढ़ा दिया।
‘नौसेना शौर्य वाटिका’ की प्रमुख खासियतें:
-
INS गोमती (मुख्य आकर्षण): इस वाटिका का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय नौसेना का रिटायर्ड युद्धपोत ‘आईएनएस गोमती’ (INS Gomti) है, जो 28 मई 2022 को नौसेना से सेवानिवृत्त हुआ था। अब इसे यहां पर्यटकों के लिए स्थापित किया गया है।
-
लागत और क्षेत्रफल: लगभग ₹19 करोड़ की लागत से तैयार यह वाटिका 2 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैली हुई है।
-
लोकेशन: यह इकाना क्रिकेट स्टेडियम के गेट नंबर-5 के पास सीजी सिटी में विकसित की गई है।
मंच से गूंजे दिग्गजों के बयान: माफिया से लेकर ब्रह्मोस तक का जिक्र
1. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह: ‘योगीराज में बदली यूपी की छवि’ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सीएम योगी की कानून-व्यवस्था (Law & Order) की जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा, “एक समय था जब यूपी ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ के नाम से जाना जाता था। पहले यहां आने से इन्वेस्टर्स डरते थे।
लेकिन अब यूपी बदल चुका है। सीएम योगी की कोई सानी नहीं है; उन्होंने बिगड़ी व्यवस्था को सुधारकर यूपी की छवि को ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ (ODOP) के रूप में पेश किया है, जो काबिले तारीफ है।”
2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ: ‘खतरे को उसी की भाषा में मिलेगा जवाब’ सीएम योगी ने सुरक्षा और विकास के मुद्दे पर कड़ा संदेश दिया।
-
उन्होंने कहा, “सुरक्षा का मजबूत माहौल ही विकास की गारंटी है। 2017 से पहले यूपी में पेशेवर माफिया विकास में रोड़ा बनते थे।”
-
राष्ट्रीय सुरक्षा पर बोलते हुए सीएम ने कहा, “देश के लिए खतरा पैदा करने वालों के साथ अहिंसा नहीं, बल्कि उन्हें उसी की भाषा में जवाब देना होगा, जिसके लिए भारतीय सेना निरंतर कार्यरत है।” उन्होंने सेना से जुड़े किसी भी प्रस्ताव को राज्य में तुरंत स्वीकार करने का आश्वासन भी दिया।
3. डिप्टी सीएम केशव मौर्य: ‘ब्रह्मोस की शक्ति देख चुका है पाकिस्तान’ उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंच से एक बड़ा सुझाव देते हुए कहा कि प्रयागराज में आगामी कुंभ-महाकुंभ मेले के दौरान नौसेना की एक विशेष प्रदर्शनी लगाई जाए, ताकि विश्वभर से आने वाले लोग हमारी नौसेना की शक्ति को करीब से देख सकें।
पड़ोसी देश पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “हमारे ब्रह्मोस की शक्ति का पता पाकिस्तान वालों को चल चुका है। हमने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में उनके यहां ब्रह्मोस भेज दिया था।”
4. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक: ‘शौर्य का केंद्र है लखनऊ’ उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राजधानी के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि लखनऊ हमेशा से शौर्य का केंद्र रहा है।
उन्होंने 1857 की क्रांति, काकोरी ट्रेन एक्शन और कारगिल के शहीदों को याद करते हुए कहा कि यहां के लोगों ने अंग्रेजों से लोहा लेकर उन्हें मौत के घाट उतारा था।











