“धर्मपुर क्षेत्र में हुई भारी बरसात के कारण धर्मपुर बाजार की लोअर मार्केट पूरी तरह से तबाह हो गई। रात करीब बारह से तीन बजे तक हुई बरसात से सोन खड्ड का जलस्तर इतना बढ़ गया कि लोअर बाजार में करीब 10 फुट पानी चढ़ गया”
धर्मपुर 17 / 09 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
धर्मपुर बस अड्डे के अंदर भी पानी भर गया, जिस कारण बस अड्डे के अंदर परिवहन निगम की 17 बसें पानी के बहाव में बह गईं। इसी तरह लोअर मार्केट की करीब 100 दुकानें तबाह हो गईं, जिससे कारोबारियों का करोड़ों रुपए का सामान पानी के बहाव में बह गया।
दर्जनों निजी वाहन भी पानी के तेज बहाव में बह गए। वहीं, दो वाहन चालक मिसिंग बताए जा रहे हैं। इसी के साथ धर्मपुर बस अड्डे के पास बना पैदल पुल सोन खड्ड के बहाव में बह गया।
बता दें कि इसी तरह का फ्लैश फ्लड वर्ष 2015 में धर्मपुर में आया था, जिससे धर्मपुर बस अड्डे में सात से आठ फुट तक पानी का भराव हुआ था। अब 10 वर्ष के बाद जलस्तर उससे भी ज्यादा रहा, जिससे धर्मपुर बस अड्डे सहित दुकानदारों को नुकसान हुआ है।
17 बसों के साथ निगम का पेट्रोल पंप, धर्मपुर से सरोली को जोडऩे वाला फुट ब्रिज, कांग्रेस पार्टी का मंडल कार्यालय पूरी तरह से तबाह हो गया। प्रशासन ने प्रभावित दुकानदारों को 10-10 हजार राहत प्रदान की है।
प्रवासियों के बहने की आशंका
वहीं मंडी जिले के धर्मपुर में आई आपदा में पांच से छह प्रवासी लोगों के बहने की आशंका जताई जा रही है। ये लोग रात को बस स्टैंड के पास देखे गए थे, लेकिन देर रात को भारी बारिश से हुई तबाही के बाद इनका कोई पता नहीं चल रहा है।
पुलिस, लोगों के बारे में पता लगाने में जुटी है। यहां यहां एक ट्रैवलर चालक एवं मेडिकल स्टोर का संचालक अभी लापता हैं।
अचानक आये जन सैलाब ने मचाई तबाही
“मंडी की सोन खड्ड का रौद्र रूप देखकर हर कोई सलामती की दुआ कर रहा था। आधी रात को धर्मपुर क्षेत्र सीटियों से गूंज उठा।मूसलाधार बारिश, चमकती बिजली और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बस अड्डा धर्मपुर और आसपास का क्षेत्र जलमग्न होने से लोगों में अफरातफरी मच गई।
साथ बहती सोन खड्ड का रौद्र रूप देखकर हर कोई सलामती की दुआ कर रहा था। लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़े। लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर बाढ़ आने की सूचना देकर सतर्क किया। आधी रात को धर्मपुर क्षेत्र सीटियों से गूंज उठा। लोगों ने बहुमंजिला घरों की छतों पर चढ़कर किसी तरह अपनी जान बचाई”
सोमवार रात करीब दो बजे धर्मपुर बस अड्डा और आसपास का क्षेत्र पूरी तरह पानी से भर गया। मेडिकल स्टोर को देखने आ रहा लेखराज निवासी बेंपड अन्य लोगों की तरह सौभाग्यशाली नहीं निकला। वह रात करीब ढाई बजे से कार में सवार होकर आ रहा था कि बस अड्डा के पास से वाहन समेत बह गया।
सुबह तीर्थस्थल गया के लिए सवारियों को ले जाने के लिए ट्रैवलर में सुबह का इंतजार कर रहा चालक का भी कोई सुराग नहीं चल पाया है। उसकी ट्रैवलर कुछ दूरी पर मिल गया है।
डीएसपी के रीडर प्रदीप कुमार ने बताया कि रात को पानी की आवाज सुनकर वह नींद से जाग गया। बरडाणा (सुहड़े री बाहली) में अपने निवास स्थान से बाहर की तरफ देखा तो खड्ड ने विकराल रूप धारण कर रखा था।
उनके आवास की पहली मंजिल पानी से भर गई। परिवार के सदस्यों को नींद से उठाकर मकान की ऊपरी मंजिल तक पहुंचाया। आसपास के लोगों को भी जगाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के लिए सतर्क किया।
“रात करीब दो बजे जैसे ही सूचना मिली पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंच गया। बचाव व राहत कार्य शुरू कर दिया। बस अड्डे में बसें, निजी वाहन बाढ़ में बह गए हैं। बस अड्डा की दुकानों को भी काफी नुकसान हुआ है”- संजीव सूद, डीएसपी, धर्मपुर
राज्यसभा और बिहार विधान परिषद चुनाव की तारीखों का ऐलान: यूपी, उत्तराखंड और बंगाल की…
वरिष्ठ नागरिकों को सशक्त बना रही सरकार: 'अटल वयो अभ्युदय योजना' से 8.5 लाख बुजुर्गों…
NHAI ने जारी किए हाई-स्पीड नेशनल हाईवे के नए नियम: यातायात के अनुसार तय होगी…
दिल्ली हुई शर्मसार: कालकाजी मंदिर के पीछे जंगल में 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म,…
सेमीकंडक्टर हब बनने की राह पर भारत: अश्विनी वैष्णव की चेतावनी- साइबर हमले, दुष्प्रचार और…
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 34 IAS अधिकारियों का तबादला, 14 जिलों को मिले नए…