हिमाचल : मानसूनी सीजन में अभी तक 4595 करोड़ रुपए का नुकसान
“हिमाचल प्रदेश में मानसून थमने का नाम नहीं ले रही है। प्रदेश में लगातार बारिश से भारी नुकसान हो रहा है। अभी तक प्रदेश को भारी बारिश के चलते 4595 करोड़ का नुकसान हो गया है। अब तक 419 लोगों की मौत हो चुकी है और 45 लोग अभी तक लापता हैं। 479 लोग घायल भी हुए हैं”
शिमला 18 / 09 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
राज्य में अभी भी पूरे प्रदेश में दो एनएच के साथ 517 सडक़ें बंद हैं। हालांकि 24 घंटों में प्रशासन ने 153 सडक़ों को बहाल कर दिया है। सडक़ों की बात करें, तो सडक़ों में बिलासपुर में 14, चंबा में 26, हमीरपुर में 7, कांगड़ा में 33, किनौर में 2, कुल्लू में एनएच 3 के साथ 155 सडक़ें बंद हैं।
इसके अलावा मंडी में अभी भी 187 सडक़ें बंद हैं और शिमला में 51, सिरमौर में 14, सोलन में 16 और ऊना में 12 सडक़ों सहित एनएच 503 बंद हैं। सडक़ों के बंद होने के कारण लोगों को कई किलोमीटर पैदल सफर कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।
वहीं बागबानों और किसानों को रोड बंद होने से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। बागबान और किसान अपनी फसलों को मंडी तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं और खेतों में ही फसलें खराब हो रही हैं।
राज्य में 441 बिजली ट्रांसफार्मर भी बंद पड़े हैं। हालांकि पिछले 24 घंटों में 924 ट्रांसफार्मर बंद थे और बुधवार शाम तक बिजली बोर्ड ने कड़ी मश्कत कर 483 ट्रांसफार्मर ठीक कर दिए हैं। 441 ट्रांसफार्मर को ठीक करने का कार्य किया जा रहा है। ट्रांसफार्मर ठप होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
आलम यह है कि लोगों को फोन चार्ज करने के लिए भी कई किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। बिजली ट्रांसफार्मर की बात करें, तो चंबा में 21, हमीरपुर में 25, कांगड़ा में 1, कुल्लू में 38, मंडी में 329, शिमला में 27 ट्रांसफार्मर बंद हैं। वहीं पूरे प्रदेश में 274 पेयजल स्कीमें ठप पड़ी हैं।











