Breaking News

हिमाचल : पांच जगह बादल फटे, मणिमहेश में फंसे छह हजार यात्री घर रवाना

“हिमाचल में शुक्रवार रात और शनिवार सुबह प्रदेश में पांच जगह बादल फटने से कई घरों, वाहनों और सेब के बगीचों को भारी नुकसान हुआ है। कुल्लू के हिड़व, शरची व बशला, रामपुर में ज्यूरी के बधाल और चंबा के चुराह में बादल फटे हैं”

शिमला 31 / 08 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

हिमाचल में बरसात का कहर थमने का नहीं ले रहा। शुक्रवार रात और शनिवार सुबह प्रदेश में पांच जगह बादल फटने से कई घरों, वाहनों और सेब के बगीचों को भारी नुकसान हुआ है। कुल्लू के हिड़व, शरची व बशला, रामपुर में ज्यूरी के बधाल और चंबा के चुराह में बादल फटे हैं।

रामपुर के 12/20 क्षेत्र में भूस्खलन से पांच घरों को भारी नुकसान हुआ है। यहां मलबे में दबने से पिता-पुत्र घायल हो गए। मणिमहेश यात्रा मार्ग पर फंसे 6,000 श्रद्धालुओं को सरकारी, निजी वाहनों से उनके घरों को रवाना किया।

शनिवार को शिमला में उच्च अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने बताया कि भरमौर में 5,000 और चौगान में 500 यात्री अभी भी फंसे हैं।

भरमौर-पठानकोट हाईवे रजेरा से आगे बंद है। करीब 20 किलोमीटर सड़क जमींदोज हो गई है। भरमौर-पांगी, चुराह का शेष दुनिया से सड़क संपर्क कटा हुआ है। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन हणोगी के समीप खोती नाला में पहाड़ी दरकने से यातायात के लिए बंद हो गया है।

गोहर उपमंडल की नांडी पंचायत के कटवाढी गांव में दो दुकानों, एक कार और एक इंडस्ट्री को नुकसान हुआ है। मणिमहेश में फंसे 4000 यात्री शनिवार को अपने-अपने घरों के लिए रवाना हुए।

उधर, लाहौल से निकाले गए सैलानी अब मनाली में फंस गए हैं। पर्यटकों को लाहौल प्रशासन ने रोहतांग दर्रा होकर रेस्क्यू किया था। प्रदेश में शनिवार शाम तक तीन नेशनल हाईवे समेत 839 सड़कें, 728 बिजली ट्रांसफार्मर और 456 पेयजल योजनाएं ठप रहीं।

जिला चंबा के चुराह में शुक्रवार रात संतनाला पहाड़ी पर बादल फटने के बाद बढ़े जलस्तर से बैरागढ़, देवीकोठी, टेपा, सड़क मार्ग को जोड़ने वाली सतनाला पुली, तरवाई पुल से पहले पांच पुलियां बह गई।

टेपा, देवीकोठी पंचायतों का संपर्क पूरी तरह से कट गया है।उपतहसील नित्थर की ग्राम पंचायत शिल्ली के बशला गांव के पास शुक्रवार रात करीब 10:00 बजे बादल फटा। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन चार घरों और सेब के बगीचों को भारी नुकसान हुआ है।

वहीं ज्यूरी बधाल में शुक्रवार देर रात बाशल की चोटी पर बादल फटने से बधाल और सराहन क्षेत्र में घरों और बगीचों का काफी नुकसान हुआ है। बधाल पंचायत के धराली खड्ड और सराहन पंचायत के रेसवाल घराट के आसपास पानी और मलबा आने से एक घर, खोखे और सेब बगीचों के बहने से काफी नुकसान हुआ है।

बधाल की धराली खड्ड में बाढ़ आने से रात को नेशनल हाईवे के कलवर्ट बंद होने से सारा पानी और मलबा घरों के पास से बहने लगा जिस कर लोगों ने रात को अपने घर खाली कर रिश्तेदारों के घरों में शरण ली।

वहीं रामपुर उपमंडल के अंतर्गत 12/20 घाटी में शुक्रवार रात को बारिश ने कहर बरपाया। भूस्खलन से पांच घरों को भारी क्षति पहुंची है। वहीं पिता-पुत्र मलबे में दब गए, जिन्हें ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

कुल्लू जिले में शुक्रवार रात को जमकर बारिश से बंजार में दो जगहों पर बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। बंजार के हिड़व नाला और शरची नाला में बादल फटन से भारी नुकसान हुआ है। रात करीब 11:00 बजे बाद बादल फटने से लोग दहशत में रहे।

हिड़व नाला में एक घर को नुकसान हुआ है। इसके अलावा एक मछली फार्म, दो मकानों को आंशिक और दो मंदिरों को भी नुकसान हुआ है। छह घराट के साथ वन विभाग की पुलिया और एक कार बह गई है।

वहीं बंजार की तीर्थन घाटी के शरची नाला में भी बादल फटा है लेकिन यहां पर अधिक नुकसान नहीं आंका गया है। दो जगह बादल फटने से तीर्थन नदी में बाढ़ आ गई और नदी किनारे लोग रात भर सो नहीं पाए।

पौंग बांध में जलस्तर बढ़ने से शनिवार को एक लाख 10 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा गया। भूस्खलन के चलते नड्डी में पेयजल योजना की मुख्य पाइप टूट गया, जिससे शहर में पेयजल संकट गहरा गया है। शनिवार को तहसील कार्यालय धर्मशाला में बारिश का पानी घुस गया। भारी बारिश से प्रदेश में नदी-नालों में जलस्तर बढ़ गया है।

शनिवार को भरमौर से पैदल और कलसुई से एचआरटीसी की बसों और निजी बसों, स्कूल बसों, टैक्सियों में करीब 6000 यात्रियों को पठानकोट के लिए रवाना किया गया।

अब तक भरमौर में अमूमन 90 प्रतिशत यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू करने का दावा किया गया है। किलाड़ से मनाली का हाईवे बहने से पांगी से मणिमहेश आए पंजाब के कुछ यात्री अभी भी फंसे हुए हैं।

कुल्लू से मनाली मार्ग पांच दिन बाद अस्थायी तौर पर छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया है। इससे लोगों की आवाजाही के साथ सेब को मंडियों में पहुंचना आसान होगा।

मनाली से लेह वाया रोहतांग दर्रा भी बीआरओ ने खोल दिया है। बीआरओ ने सिस्सू के पास पागलनाला में हाईवे तीन को अस्थायी तौर पर खोल दिया है। मनाली-लेह मार्ग भी खुल गया है।

प्रदेश के तीन जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू में रविवार को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। सोमवार को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी और शिमला में बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है।

Santosh SETH

Recent Posts

PM मोदी ने दी देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं, जवानों संग मनाएंगे पर्व

PM मोदी ने देशवासियों को दी दिवाली की शुभकामनाएं: कहा- 'रोशनी का यह पर्व अंधेरे…

20 hours ago

त्योहारी भीड़ पर एक्शन में रेल मंत्री: वार रूम से कर रहे लाइव निगरानी

त्योहारी भीड़ पर 'एक्शन मोड' में रेल मंत्री: वार रूम से हो रही 28 प्रमुख…

20 hours ago

अयोध्या: 30 लाख दीयों से जगमगाई रामनगरी, CM योगी का विकास पर जोर

अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की भव्यता: 30 लाख दीयों से जगमगाए सरयू के 56 घाट,…

20 hours ago

सीएम योगी: रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले अब अयोध्या का सपना देख रहे हैं

सीएम योगी का अखिलेश यादव पर सीधा निशाना: 'जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं,…

21 hours ago

चावल की महंगाई पर सरकार की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: 4 बड़े फैसले

चावल की कीमतों पर लगाम लगाने के लिए सरकार का बड़ा 'एक्शन': व्यापारियों के लिए…

2 days ago

कैंसर की 137 दवाएं 70% तक सस्ती, मरीजों को 3357 करोड़ की बचत

कैंसर के मरीजों के लिए बड़ी राहत: 137 जीवनरक्षक दवाएं हुईं 70% तक सस्ती, सरकार…

2 days ago