गोरखपुर : NEET छात्र हत्याकांड के एक आरोपी का हाफ एनकाउंटर

“गोरखपुर-नीट छात्र हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है और आरोपी गौतस्कर रहीम के पैर में गोली मारी है” 

गोरखपुर 17 / 09 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

यूपी के गोरखपुर-नीट छात्र हत्याकांड से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस ने इस हत्याकांड के एक आरोपी का हाफ एनकाउंटर किया है। पुलिस ने आरोपी गौतस्कर रहीम के पैर में गोली मारी है।

गौरतलब है कि पशु तस्करों ने NEET की तैयारी कर रहे 19 साल के एक छात्र दीपक गुप्ता की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस वारदात के बाद इलाके में बवाल मच गया था। 

गोरखपुर के SSP राज करण नायर ने कहा, “गोरखपुर की घटना का एक आरोपी रहीम, गोरखपुर की पिपराइच पुलिस और कुशीनगर पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

एक अन्य आरोपी अजब हुसैन को ग्रामीणों ने पकड़कर घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया। दो अन्य आरोपियों छोटू और राजू को भी गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। जांच जारी है।”

गोरखपुर में हुआ क्या था?

सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे तीन गाड़ियों से पशु तस्कर एक गांव में मवेशियों की चोरी करने पहुंचे थे। इस दौरान 19 साल का छात्र दीपक गुप्ता उनके पीछे शोर मचाते हुए दौड़ा था।

इस दौरान तस्करों ने दीपक को जबरन डीसीएम में बैठाया और एक घंटे बाद उसे गाड़ी से फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पशु तस्करों ने युवक के शव को घर से 4 किलोमीटर दूर ले जाकर फेंका।