गोवा : सिलेंडर ब्लास्ट से दहला नाइट क्लब, 23 कर्मचारी जिंदा जले
“उत्तर गोवा के अर्पोरा में शनिवार रात एक नाइट क्लब में सिलेंडर ब्लास्ट से आग लगने के हादसे में 23 कर्मचारियों की जान चली गई। गोवा पुलिस प्रमुख अलोक कुमार ने बताया कि सभी मृतक क्लब के कर्मचारी हैं”
पणजी/अर्पोरा, 7 दिसंबर 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
उत्तरी गोवा के अर्पोरा गांव स्थित एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात हुए एक भीषण हादसे में कम से कम 23 कर्मचारियों की जलकर मौत हो गई। यह दुर्घटना रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट (सिलिंडर ब्लास्ट) के कारण लगी आग के बाद हुई। गोवा पुलिस प्रमुख आलोक कुमार ने रविवार को इस दुखद घटना की पुष्टि की।
सभी मृतक क्लब के कर्मचारी
पुलिस प्रमुख आलोक कुमार ने बताया कि रातभर चले राहत एवं बचाव कार्य के दौरान 23 शव बरामद किए गए हैं और मृतक सभी लोग नाइट क्लब के कर्मचारी थे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दुर्घटनास्थल पर किसी भी पर्यटक के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। यह क्लब राजधानी पणजी से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित है और पिछले साल ही खोला गया था।
सीएम सावंत ने किया घटनास्थल का दौरा
घटना की सूचना मिलते ही गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और स्थानीय विधायक माइकल लोबो तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।विधायक लोबो ने संवाददाताओं को बताया कि यह एक हृदय विदारक घटना है और सभी मृतक स्थानीय निवासी थे जो क्लब में काम करते थे।
प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि नाइट क्लब में आग सुरक्षा नियमों (Fire Safety Norms) का घोर उल्लंघन किया जा रहा था। इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि इस गंभीर लापरवाही के लिए क्लब प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सावंत ने कहा, “यह हादसा उन अधिकारियों की भी अनदेखी का परिणाम है जिन्होंने सुरक्षा नियमों के अनुपालन की जांच नहीं की। क्लब प्रबंधन के साथ-साथ नियमों की अनदेखी करने वाले संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
रात भर चला बचाव कार्य
विस्फोट के बाद आग तेजी से फैली, जिससे कर्मचारियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए रातभर जूझती रही।
फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों और क्लब के मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विस्तृत जांच जारी है।











