दिल्ली नगर निगम उपचुनाव : आज सुबह 7:30 बजे से होगा मतदान

“एमसीडी के 12 वार्डों में आज होने वाले उपचुनाव के लिए सुबह साढ़े सात बजे से मतदान शुरू होगा। उपचुनाव के लिए दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने सभी तैयारी पूरी कर ली हैं”

नई दिल्ली 30 / 11 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह तकनीक-आधारित, सुलभ और निर्बाध बनाने के लिए बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मियों और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। 6.98 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

आयोग ने उपचुनाव में मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग से लेकर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं तक के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। आयोग की कोशिश है कि मतदाता बिना किसी परेशानी और बिना किसी भय के मतदान कर सकें।

उपचुनाव आज रविवार को सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगा। आयोग के मुताबिक, यह उपचुनाव राजधानी में संचालित स्थानीय निकाय व्यवस्था की पारदर्शिता और कार्यकुशलता को बनाए रखने के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

आयोग का कहना है कि 12 वार्डों में मतदाता संख्या भले सीमित हो, लेकिन राजधानी की नगर सेवाओं, स्थानीय नेतृत्व की जवाबदेही और वार्ड स्तर पर विकास की रफ्तार के लिहाज से यह उपचुनाव अहम साबित होगा।

सभी 580 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग के जरिये रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी, जिसके लिए कंट्रोल रूम में तैनात विशेष टीमें लगातार नजर रखेंगी। मतदान केंद्रों के बाहर मोबाइल जमा काउंटर, कतार प्रबंधन, पीने के पानी और सहायता डेस्क जैसे इंतजामों को भी अंतिम रूप दे दिया गया है।

आयोग ने तकनीक के व्यापक उपयोग पर विशेष जोर देते हुए इस बार मतदान अनुभव को सहज और सुविधाजनक बनाने के लिए मोबाइल आधारित सेवाओं को अधिक सशक्त किया गया है।

चुनाव आयोग ने 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग जनों के लिए डाक मतपत्र की सुविधा दी है। इसके अलावा 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं और पीडब्ल्यूडी मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर, सहायक कर्मचारी, और पिक-एंड-ड्रॉप सुविधा की व्यवस्था की गई है।

आयोग की आधिकारिक ऐप ‘निगम चुनाव दिल्ली’ के माध्यम से मतदाता अपने मतदान केंद्र की लोकेशन, कतार की स्थिति, उम्मीदवारों की सूची, पीडब्ल्यूडी सुविधाओं, गाइडलाइन और आवश्यक संपर्क नंबरों की जानकारी एक ही मंच पर पा सकेंगे।

सभी केंद्रों पर लगाए गए क्यूआर कोड के माध्यम से मतदाता वोट डालने के तुरंत बाद अपना डिजिटल फीडबैक दे सकेंगे।

मॉडल मतदान केंद्र और पिंक बूथ

प्रत्येक वार्ड में एक मॉडल मतदान केंद्र और एक पिंक बूथ (महिला संचालित बूथ) स्थापित किया गया है।यहां मतदाताओं के लिए बेहतर इंतजाम, साफ-सफाई और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

मोबाइल ले जाने पर रोक

मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए केंद्रों के बाहर मोबाइल जमा काउंटर की व्यवस्था की गई है।

कर्मियों व सुरक्षा की तैनाती, कुछ अन्य तथ्य

  • आयोग ने 143 स्थानों पर बने 580 मतदान केंद्र
  • 2,320 मतदान कर्मियों की तैनाती की है।
  • 20 प्रतिशत रिजर्व स्टाफ मिलाकर कुल संख्या 2,784 हो जाती है
  • 2,265 दिल्ली पुलिस कर्मी
  • 580 होमगार्ड
  • सीएपीएफ की 13 कंपनियां
  • मतगणना के लिए 10 स्ट्रॉन्ग रूम कम काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं
  • 12 वार्डों में 51 उम्मीदवार लड़ रहे है चुनाव
  • उपचुनाव के 12 वार्डों में कुल 51 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। मतदान सुबह 7:30 बजे से 5:30 बजे तक होगा

मतदान से जुड़े आयोग के प्रमुख निर्देश

  • मतदान केंद्र में पहचान पत्र के बिना प्रवेश नहीं
  • मतदाता सरकारी जारी किसी भी वैध पहचान पत्र से वोट डाल सकते हैं
  • मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में प्रचार गतिविधियों पर रोक
  • मतदान अवधि के दौरान स्टाफ को कोई विश्राम नहीं
  • मतदान केंद्र पर अवांछित व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित