हिमाचल : स्पीति के खुरिक में फटा बादल, मंडी में मिला शव
“हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को स्पीति के खुरिक में बादल फटने से रंगरिक और खुरिक गांव समेत तीन स्थानों में बाढ़ आ गई”
शिमला 23 / 07 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच सोमवार देर रात से मंगलवार दोपहर तक कई क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहा। लाहौल-स्पीति के स्पीति के खुरिक में मंगलवार को बादल फटने से रंगरिक और खुरिक गांव समेत तीन स्थानों में बाढ़ आ गई। इससे दोनों गांवों में कुछ घरों को नुकसान पहुंचा है। खेतों में फैले मलबे के कारण नगदी फसलों को भारी क्षति हुई है। बाढ़ की चपेट में आकर एनएच-05 बाधित हो गया है।
वहीं, चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे मंगलवार दोपहर करीब 1:00 बजे 37 घंटे बाद यातायात के लिए बहाल हुआ। रविवार रात भारी बारिश के कारण हाईवे मंडी से लेकर औट तक विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के कारण बंद हो गया था।
चंबा के भरमौर के सिरकाओ नाले में और मंडी के जंजैहली के समीप मझाखल में खड्ड पर बनाया अस्थायी पुल बह गया है। किन्नौर के डोकपो नाले में आई बाढ़ से छह सिंचाई कूहलें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
कुल्लू जिले की लूहरी-खेगसू सड़क पर पहाड़ी से भूस्खलन होने से चलती पिकअप गाड़ी पर पत्थर आ गिरा। हादसे में दो लोग जख्मी हो गए। सरकाघाट की बकारटा पंचायत में एक दो मंजिला कच्चा मकान ध्वस्त हो गया। इसमें एक महिला दबकर घायल हो गई। उसे मशक्कत से निकाला।











