धामी सरकार का कैबिनेट विस्तार

उत्तराखंड: धामी सरकार का कैबिनेट विस्तार, 5 नए मंत्री

ब्रेकिंग: उत्तराखंड में धामी सरकार का बड़ा कैबिनेट विस्तार… 5 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ… मदन कौशिक और खजान दास समेत ये चेहरे शामिल… पढ़ें ‘The Politics Again’ की विस्तृत रिपोर्ट…


उत्तराखंड: धामी सरकार का बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार, 5 नए विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ; ‘विकसित भारत’ के संकल्प पर जोर

देहरादून |संतोष सेठ की रिपोर्ट, The Politics Again

उत्तराखंड की राजनीति में शुक्रवार का दिन अहम रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार करते हुए पांच नए चेहरों को कैबिनेट में शामिल किया है।

राजधानी देहरादून के लोकभवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने सभी पांचों विधायकों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इन 5 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ: कैबिनेट में क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को साधते हुए अनुभवी चेहरों को जगह दी गई है। जिन विधायकों ने आज मंत्री पद की शपथ ली है, वे इस प्रकार हैं:

  • खजान दास (देहरादून)

  • मदन कौशिक (हरिद्वार)

  • प्रदीप बत्रा (रुड़की)

  • भरत चौधरी (रुद्रप्रयाग)

  • राम सिंह कैड़ा (नैनीताल)

शपथ ग्रहण से पहले आज सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजभवन में इन सभी पांचों विधायकों से खास मुलाकात की थी।

‘विकसित भारत के विजन को करेंगे साकार’

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी नए मंत्रियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “मैं उन सभी सम्मानित व्यक्तियों को बधाई देना चाहता हूं जिन्हें आज मंत्रिपरिषद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ये सभी लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में कार्यरत हैं। इनके अनुभव के साथ मिलकर हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने में योगदान देंगे और ये सभी गणमान्य व्यक्ति इस लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”

पूरी हुई कैबिनेट की संख्या, अब हुए 12 मंत्री

संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, उत्तराखंड के मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 12 सदस्य हो सकते हैं। साल 2022 में दूसरी बार सत्ता में आने पर सीएम धामी ने आठ मंत्रियों के साथ शपथ ली थी।

अप्रैल 2023 में कैबिनेट मंत्री चंदन रामदास के दुखद निधन और बाद में प्रेम चंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद मंत्रियों की संख्या घटकर केवल सात रह गई थी। अब इन पांच नए मंत्रियों के शामिल होने से धामी कैबिनेट का कोटा (12 मंत्री) पूरा हो गया है।