बिहार चुनाव : एनडीए का बिहार घोषणापत्र जारी, 1 करोड़ नौकरी का वायदा

“एनडीए ने बिहार चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसमें 1 करोड़ नौकरियां और रोजगार सृजन का वादा किया गया है, साथ ही कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया है”

पटना 31  / 10 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

महिला सशक्तिकरण के तहत ‘लखपति दीदी’ बनाने और महिला उद्यमियों को समर्थन देने के साथ-साथ बुनियादी ढांचे व कृषि विकास को गति देने का संकल्प लिया गया है, जो बिहार के सर्वांगीण विकास और आर्थिक उन्नति को दर्शाता है।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार (31 अक्टूबर, 2025) को अपना संयुक्त घोषणापत्र जारी किया। गठबंधन के सभी वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में यह घोषणापत्र जारी किया गया।

बिहार के वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणापत्र के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए कहा, “एनडीए ने एक करोड़ से ज़्यादा सरकारी नौकरियाँ और रोज़गार देने का वादा किया है।

कौशल जनगणना कराई जाएगी, कौशल आधारित रोज़गार का सृजन किया जाएगा और हर ज़िले में बड़े शिक्षण केंद्रों के साथ बिहार को एक वैश्विक शिक्षण केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।”

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री और हम (एस) नेता जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान, आरएलएम नेता उपेंद्र कुशवाहा और गठबंधन के अन्य नेताओं की उपस्थिति में पटना में घोषणापत्र जारी किया गया।

इससे पहले, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले महागठबंधन ने ‘बिहार का तेजस्वी प्रण’ शीर्षक से अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसमें सरकार बनने के 20 दिनों के भीतर राज्य के प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के लिए कानून पारित करने का वादा किया गया।

25 प्वाइंट में जानिए, एनडीए ने क्या-क्या घोषणाएं की…

1. एक करोड़ से अधिक सरकारी नौकरी व रोजगार दिया जाएगा।  
2. हर जिले में मेगा स्किल सेंटर खोला जाएगा। 
3. बिहार स्पोर्ट्स सिटी व प्रखंडों में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जाएगा। 
4. हर जिले में फैक्ट्री व 10 नए औद्योगिक पार्क का निर्माण किया जाएगा। 
5. 100 MSME पार्क व 50,000 से अधिक कुटीर उद्योग स्थापित किए जाएंगे। 
6. डिफेंस कॉरिडोर, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पार्क स्थापित करेंगे
7. महिला रोजगार योजना से महिलाओं को 2 लाख तक की सहायता राशि दी जाएगी।
8. 1 करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बनेंगी।
9. ‘मिशन करोड़पति’ के माध्यम से महिला उद्यमी करोड़पति बनेंगी।
10. किसान सम्मान निधि ₹6,000 से बढ़ाकर ₹9,000 की सहायता राशि दी जाएगी। 
11. मत्स्य पालकों को ₹4,500 से बढ़ाकर ₹9,000 की सहायता राशि दी जाएगी। 
12. सभी फसलों के लिए एमएसपी की गारंटी दी जाएगी। 
13. एग्री-इन्फ्रास्ट्रक्चर में ₹9 लाख करोड़ का निवेश किया जाएगा। 
14. हर अनुमंडल में एससी व एसटी के विद्यार्थियों के लिए आवासीय विद्यालय बनाया जाएगा। 
15. उच्च शिक्षा संस्थान में अध्यनरत सभी अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को प्रति माह ₹2,000 दिया जाएगा। 
16. ईबीसी वर्ग की जातियों को ₹10 लाख तक की सहायता दी जाएगी। 
17. गरीब परिवारों के छात्रों को नर्सरी से पीजी तक मुफ्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी।
18. स्कूलों में मिड-डे मील के साथ पौष्टिक नाश्ता दिया जाएगा। 
19. 50 लाख नए पक्के मकान, मुफ्त राशन, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना जारी रहेगा।
20. ₹5,000 करोड़ से जिलों के प्रमुख स्कूलों का कायाकल्प करेंगे। 
21. 7 एक्सप्रेसवे व 3,600 किमी रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण होगा। 
22. विश्वस्तरीय मेडिकल सिटी और हर जिले में मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। 
23. मां जानकी की जन्मस्थली को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसे धार्मिक नगरी सीतापुरम के रूप में विकसित करेंगे।
24. पटना, दरभंगा, पूर्णिया व भागलपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे और 4 नए शहरों में मेट्रो का निर्माण होगा। 
25. अगले पांच साल में बिहार को बाढ़ मुक्त बनाया जाएगा। इसके लिए फ्लड मैनेजमेंट बोर्ड की स्थापना एवं फ्लड टू फॉर्च्यून मॉडल अंतर्गत नदी जोड़ परियोजना तटबंध, नहरों का शीघ्र व मत्स्य पालन को बढ़ावा दिया जाएगा। 

PREMIUM NEWS

अपनी Premium Membership चुनें

Premium articles बिना restriction पढ़ें।

Monthly

₹99/month

30 days Premium access

You have successfully subscribed to the newsletter

There was an error while trying to send your request. Please try again.

The Politics Again will use the information you provide on this form to be in touch with you and to provide updates and marketing.