Delhi Noida Traffic Advisory

दिल्ली-नोएडा में बड़ा ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले पढ़ें एडवाइजरी

अंबेडकर जयंती: दिल्ली-नोएडा में आज भारी ट्रैफिक जाम की आशंका, घर से निकलने से पहले पढ़ लें पुलिस की ये जरूरी एडवाइजरी

नई दिल्ली/नोएडा: द पॉलिटिक्स अगेन : श्रीमती शिल्पा की रिपोर्ट 

संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती (14 अप्रैल) के अवसर पर आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे सटे नोएडा में कई बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

विशेष रूप से दिल्ली में एक विशाल जनसभा और शोभा यात्रा निकाली जाएगी, वहीं नोएडा के ‘दलित प्रेरणा स्थल’ पर भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।

इसे देखते हुए दिल्ली और नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जाम से बचाने के लिए एक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा और ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी: इन रास्तों पर जाने से बचें

दिल्ली में अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच ऐतिहासिक रामलीला मैदान में एक बड़ी जनसभा आयोजित की जाएगी।

इसके पश्चात एक विशाल शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के कई व्यस्त इलाकों से होते हुए पहाड़गंज स्थित डॉ. अंबेडकर भवन पर जाकर संपन्न होगी।

  • ट्रैफिक पाबंदियों का समय: सुबह 9:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक।

  • शोभा यात्रा का रूट: रामलीला मैदान से शुरू होकर अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्केट, खारी बावली, कुतुब रोड, सदर बाजार, बारा टूटी चौक, पहाड़ी धीरज, फिल्मिस्तान सिनेमा, मानकपुरा, सीधी पुरा, ईस्ट पार्क रोड, डी.बी. गुप्ता रोड, गुरु रविदास मार्ग, देव नगर, कीकर वाला चौक, हाथी वाला चौक, रेगर पुरा, आर्य समाज रोड, डॉ. अंबेडकर मार्ग और रानी झांसी रोड होते हुए अंबेडकर भवन तक।

  • यहाँ रहेगा प्रतिबंध: हालात को देखते हुए दिल्ली गेट, मिंटो रोड और अजमेरी गेट जैसे हिस्सों में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई जा सकती है। जरूरत पड़ने पर JLN मार्ग पर भी पाबंदियां रहेंगी।

  • बचने वाले मार्ग: यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे JLN मार्ग, आसफ अली रोड, चमन लाल मार्ग, अजमेरी गेट, मिंटो रोड, कुतुब रोड, रानी झांसी मार्ग, ईस्ट पार्क रोड और DB गुप्ता रोड का इस्तेमाल करने से बचें।

नोएडा की ट्रैफिक एडवाइजरी: एक्सप्रेस-वे पर लागू रहेगा डायवर्जन

नोएडा में दलित प्रेरणा स्थल पर जुटने वाली भीड़ के कारण नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर यातायात का भारी दबाव रहेगा। इसके लिए पुलिस ने निम्न डायवर्जन प्लान लागू किया है:

  • महामाया फ्लाईओवर डायवर्जन: ग्रेटर नोएडा से नोएडा आने वाले मार्ग पर दबाव बढ़ने पर ट्रैफिक को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यह यातायात सेक्टर-37 से अट्टापीर चौक, रजनीगंधा चौक, सेक्टर-15 गोलचक्कर होते हुए अपने गंतव्य तक जाएगा।

  • फिल्मसिटी फ्लाईओवर डायवर्जन: अगर गेट नंबर-4 पर दबाव बढ़ता है, तो ट्रैफिक को फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की ओर मोड़ा जाएगा।

  • दिल्ली से आने वालों के लिए डायवर्जन: डीएनडी और फिल्मसिटी के पास दबाव होने पर सेक्टर-14A फ्लाईओवर से सेक्टर-15 गोलचक्कर की ओर ट्रैफिक भेजा जाएगा।

दलित प्रेरणा स्थल आने वालों के लिए पार्किंग व्यवस्था:

नोएडा पुलिस ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है:

  1. ग्रेटर नोएडा/परी चौक की ओर से: हल्के वाहनों की पार्किंग दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-1 के अंदर होगी।

  2. दिल्ली की ओर से: दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहनों को फिल्मसिटी के अंदर बनी मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ा किया जाएगा।

  3. कालिंदी कुंज की ओर से: इधर से आने वाले हल्के वाहनों की पार्किंग सेक्टर-95 (गंदा नाला के पास) दलित प्रेरणा स्थल की अंडरग्राउंड पार्किंग में कराई जाएगी।

यात्रियों को असुविधा और जाम से बचने के लिए सार्वजनिक परिवहन (विशेषकर मेट्रो) का अधिक से अधिक उपयोग करने की सलाह दी गई है।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.