रेल मंत्री की बड़ी बैठक: AI, ड्रोन और CCTV से लैस होगी रेलवे सुरक्षा
ट्रेनों में साजिश के बीच एक्शन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव: AI, ड्रोन और CCTV से अभेद्य बनेगा रेलवे, खुफिया तंत्र मजबूत करने के लिए बुलाई हाई-लेवल बैठक”
नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
देश के अलग-अलग हिस्सों में ट्रेनों में आगजनी और सुरक्षा से खिलवाड़ की हालिया घटनाओं को रेल मंत्रालय ने बेहद गंभीरता से लिया है।
भारतीय रेल नेटवर्क, रेलगाड़ियों और करोड़ों यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने अब ‘मिशन मोड’ में काम शुरू कर दिया है।
इसी कड़ी में गुरुवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की अध्यक्षता में एक हाई-प्रोफाइल और उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, रवनीत सिंह बिट्टू, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और देश भर के वरिष्ठ फील्ड अधिकारियों ने हिस्सा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को अत्याधुनिक तकनीक से लैस करने पर व्यापक मंथन किया।
एआई (AI), ड्रोन और सीसीटीवी का बिछेगा महा-नेटवर्क
बैठक में तय किया गया कि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के बीट स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाने की व्यवस्था को आधुनिक उपकरणों के जरिए मजबूत किया जाएगा। इसके लिए:
-
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI): रेलवे नेटवर्क की निगरानी के लिए एआई-आधारित (AI-based) विशेष प्रणालियों को तैनात किया जा रहा है।
-
सीसीटीवी और उन्नत कैमरे: देश के सभी प्रमुख स्टेशनों और संवेदनशील रेल रूटों पर सीसीटीवी का दायरा बढ़ाया जाएगा।
-
साथ ही, कैमरों की तकनीकी विशिष्टताओं (Specifications) को अपग्रेड किया जा रहा है।
-
ड्रोन से निगरानी: विशाल रेल नेटवर्क और पटरियों की सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरों का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जाएगा।
आगजनी की घटनाओं में ‘असामाजिक तत्वों’ का हाथ, RPF की जांच तेज
सुरक्षा बैठक के दौरान खुलासा किया गया कि हाल ही में ट्रेनों में हुई आगजनी की कुछ घटनाओं की प्रारंभिक जांच में असामाजिक तत्वों की संलिप्तता और गहरी साजिश सामने आई है।
रेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि कई मामलों में रेलवे की त्वरित और सक्रिय कार्रवाई की वजह से बड़ी दुर्घटनाओं को टालने में सफलता मिली है।
अब आरपीएफ (RPF) इन सभी मामलों की सक्रिय रूप से जांच कर रहा है, ताकि साजिशकर्ताओं को बेनकाब किया जा सके।
आरपीएफ और जीआरपी का सुधरेगा तालमेल, साइबर सुरक्षा पर जोर
बैठक में रेलवे बोर्ड मुख्यालय और फील्ड जोन के बीच परिचालन सुरक्षा तालमेल को सुधारने पर बल दिया गया।
इसके तहत अधिक प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन के लिए आरपीएफ और राज्यों की सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के बीच सूचना साझाकरण (Information Sharing) तंत्र को और बेहतर बनाया जाएगा।
इसके अलावा, रेलवे की डिजिटल प्रणालियों को सुरक्षित रखने के लिए साइबर सुरक्षा को और मजबूत करने पर भी विशेष विचार-विमर्श किया गया।
यात्रियों से रेल मंत्री की अपील: संदिग्ध दिखने पर तुरंत घुमाएं ‘139’
रेल मंत्रालय ने खुफिया प्रणालियों को मजबूत करने के साथ-साथ आम जनता और यात्रियों से भी सहयोग की अपील की है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यात्रियों से यात्रा के दौरान और स्टेशन परिसर में प्रतीक्षा करते समय पूरी तरह सतर्क और सावधान रहने का आग्रह किया है।
रेलवे ने कहा है कि यदि परिसर या ट्रेन में कोई भी संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत रेलवे के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें, ताकि समय रहते त्वरित कार्रवाई की जा सके।











