बंगाल: IAS मनोज अग्रवाल बने मुख्य सचिव, सुब्रत गुप्ता सलाहकार
बंगाल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: ‘नबान्न’ लौटे वरिष्ठ IAS मनोज अग्रवाल, बने राज्य के नए मुख्य सचिव; सुब्रत गुप्ता CM के सलाहकार”
कोलकाता: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार के गठन के बाद अब ‘नबान्न’ (राज्य सचिवालय) के प्रशासनिक गलियारों में भी बड़ा बदलाव शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ब्यूरोक्रेसी में अहम फेरबदल करते हुए राज्य के वरिष्ठ IAS अधिकारी मनोज अग्रवाल को पश्चिम बंगाल का नया मुख्य सचिव (Chief Secretary) नियुक्त किया है।
इसके साथ ही रिटायर्ड IAS अधिकारी सुब्रत गुप्ता को मुख्यमंत्री का सलाहकार (Advisor) बनाया गया है।
इन दोनों अहम नियुक्तियों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि नई सरकार अपनी प्रशासनिक टीम को लेकर कितनी गंभीर और तेज है।
पहली बैठक में ही मिल गए थे संकेत
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को शीर्ष नौकरशाहों (Bureaucrats) के साथ अपनी पहली और अहम बैठक की थी।
इस बैठक में वरिष्ठ IAS अधिकारी मनोज अग्रवाल मुख्यमंत्री के ठीक बायीं ओर बैठे नजर आए थे। इसी तस्वीर के सामने आने के बाद से ही नबान्न के गलियारों में उनके मुख्य सचिव बनाए जाने की अटकलें तेज हो गई थीं, जिन पर अब मुहर लग गई है।
शांतिपूर्ण चुनाव कराने का मिला इनाम
मनोज अग्रवाल इससे पहले राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) के रूप में कार्य कर रहे थे। हालिया विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य में शांतिपूर्ण और बिना किसी बड़े हिंसक घटनाक्रम के मतदान संपन्न कराने को लेकर उनकी भूमिका की काफी सराहना हुई थी।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, चुनाव समाप्त होने के बाद से ही यह चर्चा शुरू हो गई थी कि मनोज अग्रवाल की ‘नबान्न’ में शानदार वापसी हो सकती है।
ममता सरकार में नबान्न से रखे गए थे दूर!
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में यह चर्चा आम है कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वरिष्ठता के बावजूद मनोज अग्रवाल को मुख्य चुनाव अधिकारी बनाकर नबान्न की ‘सक्रिय प्रशासनिक राजनीति’ से दूर रखा था।
मनोज अग्रवाल राज्य के सबसे वरिष्ठ IAS अधिकारियों में गिने जाते हैं और वर्तमान में IAS एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं।
सुब्रत गुप्ता बने मुख्यमंत्री के सलाहकार
चुनाव के दौरान मनोज अग्रवाल के साथ-साथ रिटायर्ड IAS अधिकारी सुब्रत गुप्ता की प्रशासनिक भूमिका को लेकर भी लगातार चर्चा होती रही।
नई सरकार के शपथ लेते ही सुब्रत गुप्ता को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का सलाहकार नियुक्त कर दिया गया।
इन दोनों वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारियों को अहम जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद अब नई भाजपा सरकार की प्रशासनिक कार्यशैली और आने वाले बड़े फैसलों पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिक गई हैं।











