बंगाल रुझानों पर ममता का दावा : सूर्यास्त तक TMC जीतेगी
बंगाल में BJP के प्रचंड बहुमत के रुझानों पर ममता बनर्जी का पहला बयान: ‘ये भाजपा का प्लान है, सूर्यास्त तक हम ही जीतेंगे’
कोलकाता: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है और दोपहर तक के रुझानों ने राज्य की सियासत में भूचाल ला दिया है।
#WATCH | कोलकाता: भवानीपुर से TMC उम्मीदवार व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “काउंटिंग एजेंट और उम्मीदवार काउंटिग सेंटर छोड़कर न आएं। यह भाजपा का प्लान है, मैं कल से ही बोल रही हूं पहले उन्हें आगे दिखाया जाएगा। कई जगह उन्होंने काउंटिंग को बंद कर रखा है। कल्याणी… pic.twitter.com/1Sx3eSTJPS
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 4, 2026
शुरुआती रुझानों के अनुसार, राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाती हुई दिख रही है, जबकि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) की स्थिति काफी खराब नजर आ रही है।
इन निराशाजनक रुझानों के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी का पहला बड़ा बयान सामने आया है।
उन्होंने हार मानने से इनकार करते हुए दावा किया है कि आखिरी राउंड की गिनती के बाद जीत टीएमसी की ही होगी।
‘काउंटिंग सेंटर न छोड़ें कार्यकर्ता’
भवानीपुर से टीएमसी उम्मीदवार ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और काउंटिंग एजेंट्स से अपील की है कि वे किसी भी कीमत पर मतगणना केंद्र छोड़कर न जाएं।
उन्होंने कहा, “काउंटिंग एजेंट और उम्मीदवार काउंटिग सेंटर छोड़कर न आएं। यह भाजपा का पहले से तय प्लान है।
मैं कल से ही बोल रही हूं कि शुरुआत में उन्हें जानबूझकर आगे दिखाया जाएगा। अभी सिर्फ 2 से 4 राउंड की ही गिनती हुई है, जबकि पूरी गिनती 14 से 18 राउंड तक चलती है।”
चुनाव आयोग और सेंट्रल फोर्स पर गंभीर आरोप
ममता बनर्जी ने मतगणना प्रक्रिया और सुरक्षा बलों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया, “कई जगहों पर उन्होंने जानबूझकर काउंटिंग को रोक रखा है।
कल्याणी में ऐसी मशीनें मिली हैं, जहां वोटों का कोई मेल नहीं है। सेंट्रल फोर्स के जरिए हर तरफ से टीएमसी कार्यकर्ताओं पर अत्याचार किया जा रहा है।
और पुलिस भी उनके ही साथ मिलकर काम कर रही है। चुनाव आयोग पूरी तरह से अपनी इच्छा से काम कर रहा है।”
‘सब गलत बताया जा रहा है, 100 से ज्यादा सीटों पर हम आगे’
मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया और एजेंसियों द्वारा जो आंकड़े दिखाए जा रहे हैं, वे पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने दावा किया, “उन्होंने वोट लूटने की कोशिश की है।
वास्तविकता यह है कि अब भी 100 से ज्यादा सीटों पर हम आगे चल रहे हैं, जिसे बताया नहीं जा रहा है।
मैं अपने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से कहना चाहती हूं कि आपको अपना मन खराब करने या डरने की कोई जरूरत नहीं है। आप धैर्य रखें, सूर्यास्त के बाद अंतिम जीत हमारी ही होगी।”











