यूपी एटीएस शामली आतंकी

UP ATS Action: चारबाग धमाके की साजिश में शामली से 6 संदिग्ध हिरासत में

यूपी ATS का बड़ा एक्शन: लखनऊ दहलाने की साजिश में शामली के 6 संदिग्ध हिरासत में, पाकिस्तानी हैंडलर्स से थे जुड़े “

शामली/लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

 उत्तर प्रदेश को दहलाने की एक बड़ी आतंकी साजिश का भंडाफोड़ होने के बाद यूपी एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (UP ATS) ने पश्चिमी यूपी में अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।

लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर धमाका करने की साजिश रचने वाले आतंकी मॉड्यूल के तार अब पश्चिमी यूपी के शामली से जुड़ गए हैं।

एटीएस ने इस बड़े आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने के शक में शामली से छह युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे किसी गुप्त स्थान पर कड़ी पूछताछ की जा रही है।

चारबाग ब्लास्ट की रची थी साजिश, 4 पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

आपको बता दें कि बीते दिनों यूपी एटीएस ने लखनऊ में एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए चारबाग रेलवे स्टेशन पर धमाका करने आए चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया था।

इनमें मेरठ निवासी साकिब और अरबाब के साथ-साथ गौतमबुद्धनगर (नोएडा) के लोकेश और विकास शामिल थे। एटीएस इन चारों आतंकियों को रिमांड पर लेकर लगातार पूछताछ कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक, इन्हीं आतंकियों से पूछताछ और उनके पास से बरामद इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर पश्चिमी यूपी के एक दर्जन से अधिक युवकों के इस आतंकी मॉड्यूल से जुड़े होने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।

सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थे युवक

एटीएस की जांच में सामने आया है कि शामली से हिरासत में लिए गए ये छह युवक इस पूरे नेटवर्क में अहम भूमिका निभा रहे थे।

आशंका जताई जा रही है कि ये सभी संदिग्ध युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए इस आतंकी मॉड्यूल और सीमा पार बैठे ‘पाकिस्तानी हैंडलर्स’ (Pakistani Handlers) के सीधे संपर्क में थे।

सोशल मीडिया के जरिए ही इनका ब्रेनवॉश किया जा रहा था और आतंकी घटनाओं को अंजाम देने के लिए निर्देश दिए जा रहे थे।

साक्ष्यों की तस्दीक के बाद होगी बड़ी कार्रवाई

यूपी एटीएस फिलहाल शामली से उठाए गए इन सभी छह युवकों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां इनके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स और बैंक डिटेल्स खंगाल रही हैं।

एटीएस सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के बाद अगर पुख्ता तथ्य मिलते हैं और साक्ष्यों की तस्दीक हो जाती है, तो इनके खिलाफ भी ‘यूएपीए’ (UAPA) जैसी सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। इस खुलासे के बाद पश्चिमी यूपी में खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.