असम: हाथियों के झुंड से टकराई राजधानी एक्सप्रेस; इंजन समेत 5 डिब्बे बेपटरी
“असम के होजाई जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण रेल हादसा हुआ। सायरंग (मिजोरम) से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस पटरी पर अचानक आए हाथियों के एक झुंड से टकरा गई”
होजाई/गुवाहाटी | 20 दिसंबर 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेन का शक्तिशाली इंजन और पांच कोच पटरी से उतर गए। इस हादसे में 8 हाथियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक हाथी गंभीर रूप से घायल है।
आधी रात को हुआ हादसा, बाल-बाल बचे यात्री
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (NFR) के प्रवक्ता के अनुसार, यह घटना रात करीब 2:17 बजे जमुनामुख-कामपुर रेल खंड के चांगजुराई क्षेत्र में हुई। गनीमत यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें ट्रेन के अन्य कोचों में खाली बर्थ पर शिफ्ट कर दिया गया।
लोको पायलट की कोशिश के बावजूद हुआ हादसा
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह क्षेत्र हाथियों के लिए कोई निर्धारित ‘एलिफेंट कॉरिडोर’ नहीं था। लोको पायलट ने पटरियों पर झुंड देखते ही इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन ट्रेन की रफ्तार और कम दूरी के कारण टक्कर को टाला नहीं जा सका। टक्कर के बाद हाथियों के शरीर के अंग पटरियों पर बिखर गए, जिससे दृश्य अत्यंत हृदयविदारक हो गया।
रेल यातायात प्रभावित और बहाली का कार्य
हादसे के कारण ऊपरी असम और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों को जोड़ने वाली रेल सेवाएं बाधित हो गई हैं। फिलहाल ट्रेनों को ‘अप लाइन’ के जरिए निकाला जा रहा है।
-
बहाली: घटनास्थल पर रेल अधिकारी और वन विभाग की टीमें पहुंच चुकी हैं। पटरियों की मरम्मत और बेपटरी हुए डिब्बों को हटाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है।
-
आगे की यात्रा: ट्रेन के गुवाहाटी पहुंचने पर अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे, जिसके बाद यात्रियों को दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा।











