श्रीलंका : चक्रवात Ditwah ने मचाया कहर, भारत में भी ऑरेंज अलर्ट जारी
“चक्रवात Ditwah से श्रीलंका और दक्षिण भारत में भारी तबाही हुई है। करीब 300 भारतीय यात्री कोलंबो एयरपोर्ट पर तीन दिनों से फंसे हैं। तमिलनाडु में 54 उड़ानें रद्द की गईं और छोटे विमानों का संचालन बंद है”
नई दिल्ली 29 / 11 / 2025 मीडिया रिपोर्ट के अनुसार
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात ‘Ditwah’ अब उत्तर तमिलनाडु-पुडुचेरी तट की तरफ बढ़ रहा है। इसकी वजह से श्रीलंका में भारी तबाही हुई है और भारत के कई हिस्सों में उड़ानें रद्द हो गई हैं।
Operation Sagar Bandhu | Humanitarian Assistance
In the wake of the devastation caused by Cyclone Ditwah across Sri Lanka, India swiftly launched Operation Sagar Bandhu to bolster relief efforts.
The Indian Air Force promptly deployed one C-130 and one IL-76 from Hindan Air… pic.twitter.com/cIT7gKiPNs
— Indian Air Force (@IAF_MCC) November 29, 2025
सबसे बड़ी परेशानी ये है कि करीब 300 भारतीय यात्री, जिनमें 150 तमिल यात्री भी शामिल हैं, पिछले तीन दिनों से कोलंबो के बांदरनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं। इस चक्रवाती तूफान की वजह से छोटे विमानों की उड़ानों पर रोक लग गई है और इससे निपटने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
दुबई से श्रीलंका होते हुए चेन्नई आ रहे ये यात्री चक्रवात की वजह से रद्द हुई फ्लाइट्स के कारण एयरपोर्ट पर ही फंसे हैं। यात्रियों ने बताया कि उन्हें ठीक से खाना, पानी और बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। कई लोग फर्श पर सोने को मजबूर हैं।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने इस मामले का संज्ञान लिया और सार्वजनिक विभाग के सचिव को कोलंबो स्थित भारतीय दूतावास से तुरंत समन्वय करने का आदेश दिया। भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों से बातचीत हुई है और सभी फंसे तमिल नागरिकों को जल्द सुरक्षित भारत लाने की कोशिश की जा रही है।
तमिलनाडु में 54 उड़ानें रद्द, छोटे विमान पूरी तरह बंद
चेन्नई एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात की वजह से शनिवार को कुल 54 उड़ानें रद्द कर दी गईं। चेन्नई से तूतीकोरिन, मदुरै, त्रिची जाने वाली 16 उड़ानें रद्द हो गई हैं और इन शहरों से चेन्नई आने वाली 16 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। वहीं, मदुरै, त्रिची, पुडुचेरी से बेंगलुरु-हैदराबाद की 22 उड़ानें भी कैंसिल हो गई हैं।
रविवार सुबह से रात तक चेन्नई, मदुरै, त्रिची, तूतीकोरिन सहित सभी छोटे हवाई अड्डों पर छोटे विमानों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी एयरलाइन से संपर्क कर फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें।
चक्रवात से सबसे ज्यादा प्रभावित श्रीलंका की मदद के लिए भारत ने ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ शुरू किया है। शनिवार को भारतीय वायुसेना का सी-130जे विमान करीब 12 टन राहत सामग्री लेकर कोलंबो पहुंचा।
इससे पहले भारतीय नौसेना के जहाज विक्रांत और उदयगिरि ने 4.5 टन सूखा राशन, 2 टन ताजा राशन और जरूरी सामान पहुंचाया था। कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने कहा, ‘मुश्किल की इस घड़ी में भारत श्रीलंका के लोगों के साथ खड़ा है।
पड़ोसी पहले नीति के तहत हम हर संभव मदद कर रहे हैं।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी श्रीलंका में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और कहा, ‘मेरी संवेदनाएं श्रीलंका के लोगों के साथ हैं। भारत ने तुरंत राहत सामग्री और आपात मदद भेजी है।’
मौसम विभाग ने दी तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार चक्रवात Ditwah अभी श्रीलंका और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर है। यह धीरे-धीरे और ताकतवर होते हुए 30 नवंबर की सुबह तक उत्तर तमिलनाडु-पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश तट तक पहुंच सकता है।
खबर लिखे जाने तक यह तूफान कारईकाल से 190 किमी, पुडुचेरी से 300 किमी और चेन्नई से 400 किमी दूर है। वहीं, तमिलनाडु, दक्षिण आंध्र और पुडुचेरी में बेहद भारी बारिश, तेज हवाएं और शहरों में जलभराव की आशंका है। मौसम विभाग ने तूफान के संभावित असर को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।











