महाराष्ट्र : वसई पश्चिम में क्लोरीन गैस लीकेज से हड़कंप, कई लोग प्रभावित
“पालघर के वसई वेस्ट में मंगलवार शाम को दीवान मान में अचानक क्लोरीन गैस लीक होने की घटना के बाद कम से कम 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया”
पालघर 25 / 11 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
वसई पश्चिम के दिवान मान क्षेत्र में मंगलवार को क्लोरीन गैस का रिसाव होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गैस लीकेज के चलते 10 से 12 लोग प्रभावित हुए हैं।
जिन्हें तुरंत नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रभावित लोगों को सांस लेने में दिक्कत, उल्टी जैसा महसूस होना और आंखों में तेज़ जलन की शिकायतें हुईं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने ऑक्सीजन मास्क पहनकर लीक हो रहे क्लोरीन सिलेंडर को सावधानीपूर्वक उठाकर घटनास्थल से दूर नाले के पास ले जाकर निष्क्रिय किया।
अधिकारियों ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और इलाके में गैस का कोई खतरा नहीं है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है और एहतियात के तौर पर कुछ समय तक इलाके में अनावश्यक आवाजाही न करें।











