यूपी फाइनल वोटर लिस्ट आंकड़े

यूपी में 13.40 करोड़ वोटर्स, प्रयागराज-लखनऊ में सबसे ज्यादा वृद्धि

यूपी चुनाव: 13.40 करोड़ मतदाताओं की फाइनल लिस्ट जारी; प्रयागराज-लखनऊ में बढ़े सबसे ज्यादा वोटर, देखें पूरे आंकड़े “

लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच चुनाव आयोग ने राज्य की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है।

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के संपन्न होने के बाद यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने यह संशोधित और अंतिम सूची जारी की है।

इस नई लिस्ट के मुताबिक, अब उत्तर प्रदेश में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

वोटरों की संख्या में 84 लाख से ज्यादा की बढ़ोतरी

चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस पुनरीक्षण अभियान (SIR) के बाद मतदाता सूची में कुल 84 लाख 28 हजार 767 नए मतदाताओं की वृद्धि हुई है। इनमें महिला और पुरुष मतदाताओं की संख्या में लगभग बराबर का इजाफा देखने को मिला है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि SIR प्रक्रिया की शुरुआत 4 नवंबर से हुई थी और 6 जनवरी से आपत्तियों के लिए दो महीने का समय दिया गया था। इस दौरान 3.26 करोड़ मतदाताओं को नोटिस भी जारी किए गए थे।

फाइनल वोटर लिस्ट के अहम आंकड़े (एक नजर में):

  • कुल मतदाता: 13,39,84,792

  • पुरुष मतदाता: 7,30,71,061 (कुल का 54.54%)

  • महिला मतदाता: 6,09,09,525 (कुल का 45.46%)

  • थर्ड जेंडर मतदाता: 4,206

  • 18-19 आयु वर्ग के युवा मतदाता: 17,63,360 (1.32%)

  • जेण्डर रेशियो (लिंगानुपात): 834 (प्रति हजार पुरुषों पर महिलाएं)

किस जिले और विधानसभा में बढ़े सबसे ज्यादा वोटर्स?

इस नई लिस्ट में सबसे ज्यादा वोटरों की संख्या प्रयागराज में बढ़ी है। टॉप 5 जिले जहां वोटर्स बढ़े:

  1. प्रयागराज: 3,26,421

  2. लखनऊ: 2,85,961

  3. बरेली: 2,57,921

  4. गाजियाबाद: 2,43,066

  5. जौनपुर: 2,37,590

टॉप 5 विधानसभाएं जहां वोटर्स बढ़े:

  1. साहिबाबाद: 82,898

  2. जौनपुर: 56,118

  3. लखनऊ पश्चिम: 54,822

  4. लोनी: 53,679

  5. फिरोजाबाद: 47,757

नाम कटने पर क्या करें?

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी वैध नागरिक का नाम वोटर लिस्ट से कट गया है, तो वह सबसे पहले अपने जिले के डीएम (जिला निर्वाचन अधिकारी) से और उसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी से शिकायत कर सकता है।

इसके अलावा, जो लोग अभी भी मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे ‘फॉर्म 6’ भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।