भारी बारिश के कारण प्रधानमंत्री मोदी का महाराष्ट्र दौरा रद्द

“मुंबई में इन दिनों आसमान से आफत बरस रही है। बुधवार को मुंबई में भारी बारिश हुई, जिसके कारण 4 लोगों की मौत हो गई है। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया, लोकल ट्रेनें बीच रास्ते में रुक गईं”

मुंबई 26 / 09 / 2024 किरण यादव की रिपोर्ट 

बारिश के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर गंभीर असर हुआ है। इस कड़ी में मुंबई आने वाली कम से कम 14 उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई और इसके आसपास के जिलों ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए गुरुवार 26 सितंबर को सुबह 8:30 बजे तक रेड अलर्ट जारी किया है।

मुंबई में भारी बारिश के कारण बृहन्मुंबई नगर निगम ने गुरुवार को सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की है। मुंबई पुलिस ने शहर और आस-पास के इलाकों में रहने वाले सभी लोगों को सलाह दी है कि वे जितना हो सके घर के अंदर ही रहें।

लगातार हो रही बारिश के कारण 25 सितंबर को रात 9:30 बजे ठाणे के मुंब्रा बाईपास पर भूस्खलन हो गया, जिससे क्षेत्र में 3 घंटे से अधिक समय तक ट्रैफिक जाम रहा।

मुंबई एयरपोर्ट पर आने वाली करीब 14 उड़ानों को अलग-अलग जगहों पर डायवर्ट किया गया क्योंकि उन्हें तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण उतरने की अनुमति नहीं दी गई। बारिश के कारण कई ट्रेनों को भी रोकना पड़ा, जिससे भारी व्यवधान हुआ।

पीएम मोदी का पुणे दौरा रद्द

पुणे मेट्रो के नए कॉरिडोर का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की पुणे यात्रा भारी बारिश के कारण रद्द करनी पड़ी है। कल से भारी बारिश का सामना कर रहे शहर में प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के मद्देनजर उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने एसपी कॉलेज मैदान में व्यवस्थाएं की हैं। हालांकि, भारी जलभराव और कीचड़ के कारण प्रधानमंत्री मोदी उस क्षेत्र में सार्वजनिक रैली नहीं कर सके।

‘रेड अलर्ट’ के बीच स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी

मुंबई और उसके उपनगरों में भारी बारिश के ‘रेड अलर्ट’ के बीच बृहस्पतिवार को स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर ने मुंबई में भारी बारिश के कारण अवकाश घोषित कर दिया है।

बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिसके चलते एहतियात के तौर पर अवकाश घोषित किया गया है।

बीएमसी ने कहा, ‘‘छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीएमसी के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत सभी स्कूल और कॉलेज बृहस्पतिवार को बंद रहेंगे।’’ बीएमसी ने नागरिकों से बहुत अधिक आवश्यक होने पर ही अपने घरों से बाहर निकलने की अपील की है।

उसने कहा, ‘‘यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम की जानकारी लें और उसके अनुसार ही योजना बनाएं।’’ मुंबई और उसके उपनगरों में बुधवार दोपहर से भारी बारिश जारी है, जिससे निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। वहीं कुर्ला और ठाणे स्टेशनों के बीच लोकल ट्रेनें रुकी हुई हैं और यात्री फंस गए हैं, जबकि सड़कों पर यातायात धीमा चल रहा है।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.