कालाअंब: फैक्ट्री में बर्बरता की भेंट चढ़ा मजदूर, PGI में मौत
“हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की शिवालिक कॉलोनी में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है”
कालाअंब/नारायणगढ़ 05 / 01 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
एक फैक्ट्री में मामूली विवाद के बाद मालिक और उसके साथियों द्वारा की गई कथित बर्बर मारपीट में गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय मजदूर लखनपाल ने रविवार को पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से सिरमौर और आसपास के क्षेत्रों में भारी आक्रोश है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता नीरज (निवासी नारायण, सिरमौर) के अनुसार, यह घटना 2 जनवरी की दोपहर को हुई थी। नीरज, मृतक लखनपाल और विजय कुमार कालाअंब स्थित एक फैक्ट्री में पैकिंग का काम करते थे।
दोपहर के समय काम को लेकर फैक्ट्री मालिक के साथ कुछ विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ा कि फैक्ट्री मालिक और उसके अन्य साथियों ने आपा खो दिया और तीनों मजदूरों पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
हमले में लखनपाल (निवासी चूली, ददाहू) को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था, जहां रविवार को उसने अंतिम सांस ली। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव पैतृक गांव ददाहू लाया जाएगा, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर है।
पुलिसिया कार्रवाई और FIR
मामला दो राज्यों की सीमा से जुड़ा होने के कारण, हरियाणा पुलिस के नागरिक सेवा पोर्टल के माध्यम से थाना नारायणगढ़ में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस ने हत्या और मारपीट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।











