उत्तर प्रदेश – पलटने से बची कालिंदी एक्सप्रेस, अनवरगंज/कासगंज रेलवे रूट पर रखा भरा सिलिंडर

“ट्रैक पर भरा सिलिंडर रख ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश रची गई थी। बर्राजपुर और बिल्हौर के बीच तेज रफ्तार ट्रेन जब सिलिंडर से टकराई तो तेज आवाज हुई। इसके बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी”
लखनऊ 09 / 09 / 2024 मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार
अनवरगंज-कासगंज रूट पर कानपुर से भिवानी जा रही कालिंदी एक्सप्रेस (14117) रविवार रात पलटने से बच गई। ट्रैक पर भरा सिलिंडर रख ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश रची गई थी।
बर्राजपुर और बिल्हौर के बीच तेज रफ्तार ट्रेन जब सिलिंडर से टकराई तो तेज आवाज हुई। इसके बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी।
रेलवे व आरपीएफ अधिकारियों को घटनास्थल से सिलिंडर के अलावा कांच की बोतल, माचिस और एक संदिग्ध झोला मिला है।
झोले में बारूद जैसी कोई सामग्री थी, वहीं बोतल में संदिग्ध तरल पदार्थ था, जिसकी जांच की जा रही है।
अनवरगंज, रावतपुर स्टेशन होकर गुजरी कालिंदी एक्सप्रेस ने रविवार रात 8:25 बजे बर्राजपुर स्टेशन के आगे जैसे ही मुंढेरी क्रॉसिंग को पार किया तो लोको पायलट को इंजन से किसी चीज के टकराने की तेज आवाज सुनाई दी। उन्होंने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गार्ड राजीव कुमार को सूचना दी।











