छत्तीसगढ़ – एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या, जादू टोना के शक में लाठी-डंडे से पीट-पीट कर मार डाला

“छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में दिल दहला देने वाली घटना में जादू–टोने के संदेह में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की ग्रामीणों ने डंडे से पीट–पीट कर हत्या कर दी। मृतकों में तीन महिला व दो पुरुष हैं। बतादें कि तीन दिन पहले बलौदाबाजार के कसडोल में टोनही का संदेह जताते हुए एक ही परिवार के चार लोगों की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी गई थी”
रायपुर 16 / 09 / 2024 कृष्णा सोनी की रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में दिल दहला देने वाली घटना में रविवार को जादू–टोना के संदेह में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की ग्रामीणों ने डंडे से पीट–पीट कर हत्या कर दी। मृतकों में तीन महिला व दो पुरुष हैं।
मृतकों के नाम: मौसम कन्ना पिता लच्छा, मौसम बुच्चा पिता कन्ना, मौसम बिरी पति मौसम कन्ना, करका लच्छी पति करका लच्छा, मौसम अरजो पति मौसम बुच्चा।
आरोपितों के नाम: सवलम राजेश पिता सवलम कन्ना, सवलम हिड़मा पिता सवलम लच्छा, कारम सत्यम पिता कारम रामा, कुंजाम मुकेश पिता कुंजाम कन्ना व पोड़ियाम एंका पिता पोड़ियाम जोगा।
बलौदाबाजार में भी हुई थी दिल दहला देने वाली घटना
5 लोगों की हत्या करने के बाद थाने में किया सरेंडर, बोले- ‘अब आपदा से मुक्त हो जाएगा गांव’
सलवा जुड़ूम आंदोलन के बाद बसे मुरलीगुड़ा पंचायत के इतकल गांव में अंधविश्वास की जड़ें इतनी गहरी थीं कि पूरा गांव ही हत्यारा बन बैठा।
रविवार को इस गांव में राज्य पुलिस बल में पदस्थ प्रधान आरक्षक मौसम बुच्चा, उनके माता-पिता, पत्नी व बहन सहित पांच सदस्य की हत्या ग्रामीणों ने ही मिलकर कर दी।
कोंटा मुख्यालय से दस किमी दूर गांव में पहुंचने के बाद बुच्चा के घर में मातम पसरा हुआ था। बुच्चा की बहन रवली व ममेरी बहन नागी दहाड़े मार कर विलाप कर रही थी। गांव में पुलिस बल का पहरा था।
ग्रामीण अभी भी इस घर से दूरी बनाए हुए थे। गांव के भीतर हत्याकांड के बाद कोई शोक दिखाई नहीं दिया। ग्रामीणों को यह भरोसा था कि अब यह गांव आपदा से मुक्त हो जाएगा।
दो वर्ष से गांव में लगातार हो रही थी मृत्यु
इतकल में हुए दर्दनाक हत्याकांड की जड़ में अशिक्षा और अंधविश्वास कारण है। दोरला जनजाति बहुल 36 परिवार की इस बस्ती की जनसंख्या लगभग 150 है। गांव में पिछले दो वर्ष से ग्रामीणों की आकस्मिक मृत्यु हो रही थी।
इस हत्याकांड के पहले लगातार तीन मंगलवार को गांव में लोगों की मृत्यु हुई थी। इस कारण गांव के लोगों के मन में धीरे-धीरे मृत्यु का भय बैठना शुरु हाे गया था। बुच्चा की माता बीरी गांव में वड्डे (झाड़-फूंक करने वाली) का काम करती थी।
गांव में यह अफवाह फैलनी शुरु हो गई कि इस आपदा के पीछे बीरी का हाथ है। वह जादू-टोना कर लोगों को मार रही है। इस कारण से धीरे-धीरे लोगों में आक्रोश बढ़ने लगा।
शिक्षित नहीं होना बड़ा कारण
इतकल गांव के अधिकतर लोग अनपढ़ है। पूरे गांव में 25 लोग ही पढ़े-लिखे हैं। गांव में प्राथमिक स्कूल खोला गया है, पर 13 ही बच्चे पढ़ाई करने आते हैं। पूरे गांव में चार बच्चों ने दसवीं व आठ ने पांचवीं तक की पढ़ाई की है।
शिक्षित नहीं होने से वे अपनी समस्या का उपचार जादू-टोने या तंत्र-मंत्र से करने पर भरोसा रखते हैं। यहीं कारण है कि गांव में बीमारी से हो रही मृत्यु के पीछे भी वे तंत्र-मंत्र को जिम्मेदार मान बैठे।











