सोलन – नशा तस्करी के मामले में करीब 2.33 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
“सोलन जिला पुलिस ने चंडीगढ़ के एक होटल कारोबारी की नशा तस्करी के मामले में करीब 2.33 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई पहली बार हुई है। कारोबारी की जमीन, मकान, होटल, बैंक खाते और फिक्स डिपॉजिट पुलिस ने फ्रीज कर दिए हैं”
सोलन 11 / 10 / 2024 संतोष प्रजापति की रिपोर्ट
पुलिस ने मामले में संबंधित दिल्ली की अथॉरिटी को भी सूचित किया है। दावा किया जा रहा है कि अगर आरोपी यह साबित नहीं कर पाया कि यह संपत्ति कैसे बनाई है तो इसे राज्य सरकार को दे दिया जाएगा।
सहायक अधीक्षक पुलिस राजकुमार ने बताया कि परवाणू थाने में इस साल 26 जनवरी को आरोपी कुणाल व प्रकाश चंद से 6.21 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था।
आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार किया, वहीं उसके पास से 5.6 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया।
अमृतपाल दिशांत गर्ग व कपिल गर्ग के लिए चिट्टे की सप्लाई का काम करता था। जांच में दिशांत गर्ग के भाई प्रवीण गर्ग को भी पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में धर्मपुर थाना टीम ने आरोपी अभिषेक व रजत शर्मा को 9.29 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। पूछताछ में पता चला कि यह आरोपी कपिल गर्ग से चिट्टा लाए थे।
17 मार्च को चंडीगढ़ निवासी आरोपी कपिल देव को गिरफ्तार किया गया। इसका बेटा दिशांत इस मामले में इसके साथ था। 25 मई को आरोपी दिशांत गर्ग को गिरफ्तार किया गया।
इसी दौरान पाया गया कि शिमला के जतोग में एक युवक की चिट्टे की ओवरडोज से मौत हुई थी। इसमें शिमला पुलिस ने अमृतपाल सिंह व प्रवीण को जेल से कस्टडी में लिया।
उन्होंने दावा किया कि इन सभी आरोपियों की फाइनेंशियल जांच की गई जिसमें पता चला कि आरोपी कपिल गर्ग ने अपने बेटों के साथ मिलकर होटल चलाने की आड़ में नशे का कारोबार चलाया और अपने व अपनी पत्नी के नाम करोड़ों रुपये की संपत्ति बना ली।
इसमें जमीन, मकान, होटल, बैंक बैलेंस और फिक्स डिपॉजिट शामिल हैं। इनकी वित्तीय जांच के दौरान कीमत करीब 2.33 करोड़ रुपये पाई गई है।
उन्होंने बताया कि इन संपत्तियों को सोलन पुलिस ने जब्त कर लिया है। इसका केस अब संबंधित अथॉरिटी जोकि दिल्ली में है को भेज दिया गया है।
यदि आरोपी तय अवधि में इन संपत्तियों को कमाने का जरिया साबित नहीं कर पाए तो यह संपत्तियां राज्य सरकार के अधीन चली जाएंगी।
अब तक कुल 3.50 करोड़ की संपत्तियां जब्त
पुलिस ने नशा तस्करों की संपत्ति की जब्ती की प्रक्रिया को पहली बार अंजाम दिया है। तीन मामलों में संलिप्त 7 आरोपियों की 3.50 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
इनमें से एक अभियोग जिसमें करीब 37 किलो हाई क्वॉलिटी चरस थी और दूसरा चिट्टा तस्करी का अभियोग शामिल है। इसमें हरियाणा के सिरसा जिले के आरोपी गुरप्रीत सिंह की संपत्ति जब्त की गई है और तीसरा भी चिट्टा तस्करी का अभियोग है। इसमें चंडीगढ़ के आरोपी कपिल गर्ग की संपत्ति जब्त की गई है।











