बहराइच हिंसा – पांचों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो घायल
“बहराइच के महाराजगंज में युवक की हत्या के मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया है। प्रदेश के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने बताया कि बहराइच हिंसा के पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ये सभी नेपाल भागने की फिराक में थे”
बहराइच 17 / 10 / 2024 मंगेश प्रजापति की रिपोर्ट
बहराइच के महाराजगंज में हुए हत्याकांड के दो मुख्य आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए हैं। उनके पैरों में गोली लगी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने नानपारा बायपास पर हांडा बसेहरी नहर के पास आरोपियों की घेराबंदी की। जहां पुलिस व आरोपियों के बीच जवाबी फायरिंग हुई जिसमें दो आरोपी घायल हो गए।
आरोपियों के नाम मोहम्मद सरफराज और मोहम्मद तालीम हैं। यूपी के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया कि एनकाउंटर के बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ये सभी हिंसा के आरोपी थे।
उन्होंने कहा कि आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे। घायल आरोपियों को इलाज के लिए नानपारा सीएचसी में भर्ती कराया गया था। जहां से दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
इस बीच मेडिकल कॉलेज को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। परिसर में चारों तरफ भारी संख्या में पुलिस व पीएसी बल की तैनाती की गई है। किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है।
जिले की पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने बताया कि घायल होने वाले आरोपी मोहम्मद सरफराज और मोहम्मद तालिम हैं। पुलिस के अनुसार, नानपारा इलाके में हुई मुठभेड़ में आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की जिस पर पुलिस ने उनके पैरों में गोली मारी है।
यूपी पुलिस ने मामले पर बयान जारी करते हुए कहा कि रविवार को महराजगंज में एक युवक की गोली मार कर हत्या करने के केस में आज बहराइच पुलिस द्वारा पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जिनके नाम मोहम्मद फहीन, मोहम्मद तालीम, मोहम्मद सरफराज, मोहम्मद हमीद और मोहम्मद अफजल हैं। पहले दो की निशानदेही पर मर्डर में प्रयुक्त हुए हथियार की बरामदगी के लिए जब पुलिस टीम लेकर गई तो इनके द्वारा वहां रखे हथियारों से पुलिस पर फायरिंग की गई। जवाबी फायरिंग में दोनों को गोली लगी है। दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
उनका उपचार कराया जा रहा है। हत्या में उपयोग किया गया हथियार बरामद हो गया है। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा जो लोग भी इन आरोपियों को संरक्षण दे रहे थे उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों के पास अवैध हथियार भी मिले हैं।
यह है पूरा मामला
बता दें कि बहराइच के महाराजगंज में रविवार शाम को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए बवाल में राम गोपाल मिश्रा नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने जिले में जमकर उत्पात मचाया।
मंगलवार और बुधवार को जिले में शांति रही। बृहस्पतिवार को महाराजगंज इलाके में भी इंटरनेट बहाल कर दिया गया। वहीं, हत्याकांड के आरोपियों की पुलिस द्वारा घर से उठाए जाने और उनका एनकाउंटर होने की बात सामने आ रही है। मृतक युवक के परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।











