Shikshamitra Salary Hike

योगी कैबिनेट: शिक्षामित्रों का मानदेय हुआ 18 हजार, बनेंगे 49 नए बस अड्डे

योगी कैबिनेट के बड़े फैसले: शिक्षामित्रों का मानदेय हुआ ₹18 हजार, यूपी में एयरपोर्ट की तर्ज पर बनेंगे 49 नए बस अड्डे “

लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट की अहम बैठक में कई बड़े और ऐतिहासिक प्रस्तावों पर मुहर लगा दी गई है।

इन फैसलों में शिक्षा विभाग, बुनियादी ढांचे और सामाजिक न्याय से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदम शामिल हैं।

सबसे बड़ी सौगात प्रदेश के लाखों शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को दी गई है, जिनके मानदेय में भारी वृद्धि का ऐलान किया गया है।

शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की बल्ले-बल्ले, मानदेय में बंपर इजाफा

योगी कैबिनेट ने प्रदेश के 1.43 लाख शिक्षामित्रों और 24,717 अंशकालिक अनुदेशकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा कर दिया है।

  • शिक्षामित्रों का मानदेय: 10,000 रुपये से बढ़ाकर सीधा 18,000 रुपये कर दिया गया है।

  • अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय: 9,000 रुपये से बढ़ाकर 17,000 रुपये किया गया है। बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने बताया कि यह बढ़ा हुआ मानदेय 1 अप्रैल 2026 से लागू माना जाएगा और मई महीने के वेतन से इसका भुगतान शुरू हो जाएगा।

  • इस ऐतिहासिक फैसले से सरकारी खजाने पर 1475 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त व्यय भार आएगा।

  • मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि इस कदम से शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा कर्मियों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।

बाबा साहेब के स्मारकों का कायाकल्प, हर विधानसभा में 10 स्मारकों का विकास

आगामी 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती से पहले योगी सरकार ने दलितों और वंचितों को बड़ा संदेश दिया है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि कैबिनेट ने भारतीय संविधान के शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के सुंदरीकरण का बड़ा फैसला लिया है।

प्रदेश की हर विधानसभा में डॉ. अंबेडकर के 10-10 स्मारकों का विकास किया जाएगा। इन प्रतिमाओं के ऊपर छत्र (Canopy) लगाए जाएंगे और बाउंड्री वाल बनाकर उनका सुंदरीकरण होगा।

इस पूरी परियोजना पर सरकार 403 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसका भव्य शुभारंभ 14 अप्रैल से किया जाएगा।

पीपीपी मॉडल पर बनेंगे 49 ‘हाई-टेक’ बस अड्डे

परिवहन और बुनियादी ढांचे को विश्वस्तरीय बनाने के लिए कैबिनेट ने एक और अहम प्रस्ताव पास किया है।

यूपी में अब पीपीपी (PPP) मॉडल की तर्ज पर 49 नए बस अड्डों का निर्माण किया जाएगा। खास बात यह है कि ये सभी बस अड्डे पूरी तरह से एयरपोर्ट की तर्ज पर आधुनिक और हाई-टेक सुविधाओं से लैस होंगे, जिससे यात्रियों को एक नया और शानदार अनुभव मिलेगा।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.