‘नारी शक्ति’ भारत के विकास की नींव : पीएम मोदी

“प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नारी शक्ति को भारत के विकास की असली नींव बताते हुए देशभर की माताओं-बहनों से संकोच छोड़ कर स्वास्थ्य शिविरों में जाकर नि:शुल्क जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपके उत्तम स्वास्थ्य से ज्यादा मूल्यवान कोई सरकारी तिजोरी नहीं है”

धार 17 / 09 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

प्रधानमंत्री बुधवार को मध्य प्रदेश के धार में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान और ‘राष्ट्रीय पोषण माह’ का शुभारंभ करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

पीएम मोदी अपने 75वें जन्मदिन के मौके पर मध्य प्रदेश के धार में पहुंचे। यहां उन्होंने जनता को संबोधित किया और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया। संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने जैश के उस आतंकी का भी जिक्र किया, जिसका 16 सितंबर को वीडियो सामने आया था।

पीएम मोदी ने कहा कि कल (16 सितंबर) जैश का आतंकी रो-रोकर हाल बता रहा था। बता दें कि आतंकी का जो वीडियो सामने आया था, उसमें आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद का कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ये कहता हुआ दिख रहा था कि भारत ने आतंकी मसूद अजहर के परिवार के टुकड़े-टुकड़े कर दिए।

पीएम मोदी ने पाकिस्तान को दी खुली चेतावनी

पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा। हमने ऑपरेशन सिंदूर से आतंकियों के ठिकानों को उजाड़ दिया। पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सेना ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। ये नया भारत है, घर में घुसकर मारता है। आज का भारत किसी परमाणु धमकी से नहीं डरता। 

पीएम ने कहा कि मां भारती की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। घर में अगर मां ठीक रहती है तो पूरा घर ठीक रहता है। अगर मां बीमार है तो पूरे घर की व्यवस्था बिगड़ जाती है।

यदि मां स्वस्थ है तो पूरा परिवार स्वस्थ रहता है

उन्होंने कहा कि यदि मां स्वस्थ है तो पूरा परिवार स्वस्थ रहता है और यदि मां बीमार हो जाए तो घर की पूरी व्यवस्था चरमरा जाती है। उन्होंने कहा कि आज शुरू की गई पहलें केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए नहीं, बल्कि उन बच्चों और भावी नागरिकों के लिए भी हैं, जो अभी पैदा होने वाले हैं।

उन्होंने कहा, “यह सुनिश्चित करना कि बच्चे स्वस्थ पैदा हों, उनकी भविष्य की भलाई और समृद्धि की नींव रखता है। यह कार्य केवल एक पीढ़ी का नहीं बल्कि अनगिनत पीढ़ियों का आशीर्वाद है।”

पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का किया उल्लेख

पीएम मोदी ने मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए 2017 में शुरू की गई प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पहली संतान पर पांच हजार रुपये और दूसरी बेटी के जन्म पर छह हजार रुपये सीधे लाभार्थी माताओं के बैंक खातों में जमा किए जाते हैं।

अब तक 4.5 करोड़ से अधिक गर्भवती माताओं को इस योजना का लाभ मिला है और लगभग 19 हजार करोड़ रुपये सीधे उनके खातों तक पहुंचाए गए हैं।

प्रधानमंत्री ने देशभर की माताओं-बहनों से संकोच छोड़कर स्वास्थ्य शिविरों में जाकर नि:शुल्क जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा, “इन शिविरों में कितनी भी महंगी जांच क्यों न हो, सब मुफ्त होंगी। आपके उत्तम स्वास्थ्य से ज्यादा मूल्यवान कोई सरकारी तिजोरी नहीं है।

आयुष्मान कार्ड आपके लिए सुरक्षा कवच है। लाखों कैंप लगने वाले हैं और मैं अपने भाइयों से भी आग्रह करता हूं कि वे अपनी माताओं, बहनों और बेटियों का स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं।

विकसित भारत यात्रा के लिए भारत की नारी शक्ति, युवा शक्ति, गरीब और किसान चार प्रमुख स्तंभ

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत यात्रा के लिए भारत की नारी शक्ति, युवा शक्ति, गरीब और किसान चार प्रमुख स्तंभ हैं। उन्होंने ‘लखपति दीदी’, ‘बैंक सखी’, ‘ड्रोन दीदी’, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुद्रा योजना जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं गरीबों, महिलाओं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रही हैं।

2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इसमें हमारी नारी शक्ति सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी

उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इसमें हमारी नारी शक्ति सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर ध्यान देना, शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता—यही विकसित भारत की ठोस नींव है।

प्रधानमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा की जयंती का स्मरण किया

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर भगवान विश्वकर्मा की जयंती का स्मरण किया और उन्हें कौशल निर्माण का देवता बताते हुए नमन किया। उन्होंने महाराजा भोज की वीरता और मां वाग्देवी की कृपा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत हमें राष्ट्र रक्षा और आत्मबल का संदेश देती है।

उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा जयंती के दिन धार की धरती से देश के सबसे बड़े इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क का शिलान्यास होना ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि यह पार्क भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई ऊर्जा देगा, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाएगा और युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराएगा।

नया भारत है, जो धमकियों से डरता नहीं बल्कि घर में घुसकर जवाब देता है

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने भारतीय बहनों-बेटियों का सिंदूर उजाड़ने का दुस्साहस किया था।

उन्होंने दृढ़ स्वर में कहा, “हमारे वीर जवानों ने आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया और पाकिस्तान को पलक झपकते ही घुटनों पर ला दिया। यह नया भारत है, जो धमकियों से डरता नहीं बल्कि घर में घुसकर जवाब देता है।”

साथ ही हैदराबाद मुक्ति दिवस की ऐतिहासिक घटना को याद करते हुए उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की फौलादी इच्छाशक्ति और भारतीय सेना के साहस से हैदराबाद को अत्याचारों से मुक्त कराया गया था।

प्रधानमंत्री ने कहा, “कई दशकों तक इस गौरवशाली घटना को भुला दिया गया था लेकिन हमारी सरकार ने इसे ‘हैदराबाद लिबरेशन डे’ के रूप में अमर कर दिया है।”

प्रधानमंत्री ने नागरिकों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने का आह्वान किया

त्योहारों के मौसम का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने नागरिकों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “आप जो भी खरीदें, उसमें किसी न किसी हिंदुस्तानी का पसीना होना चाहिए। उसमें हमारे देश की मिट्टी की महक होनी चाहिए। यही आत्मनिर्भर भारत का सही रास्ता है।”

उन्होंने एक नया मंत्र देते हुए कहा कि हर दुकान पर एक बोर्ड लगना चाहिए- “गर्व से कहो, ये स्वदेशी है।” पीएम मोदी ने बताया कि 22 सितंबर से कम जीएसटी दरें लागू होने जा रही हैं। नवरात्रि के पहले दिन से जब नई दरें लागू होंगी तो हमें स्वदेशी वस्तुएं खरीदकर इसका लाभ उठाना चाहिए। 

PREMIUM NEWS

अपनी Premium Membership चुनें

Premium articles बिना restriction पढ़ें।

Monthly

₹99/month

30 days Premium access

You have successfully subscribed to the newsletter

There was an error while trying to send your request. Please try again.

The Politics Again will use the information you provide on this form to be in touch with you and to provide updates and marketing.