वाराणसी: सोते हुए 3 लोगों पर जानलेवा हमला, पत्थर से कूंचकर हत्या
वाराणसी में सिरफिरे हमलावर का तांडव: सोते हुए 3 लोगों को पत्थर से कूंचा, साड़ी कारीगर की दर्दनाक मौत”
वाराणसी: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के वाराणसी (Varanasi) से एक बेहद दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार तड़के एक अज्ञात हमलावर ने सोते हुए तीन लोगों पर ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया।
इस खौफनाक वारदात में साड़ी का पत्ता काटने वाले 42 वर्षीय रवि चौहान उर्फ ‘पप्पू’ की पत्थर से कूंचकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस सीरियल अटैक से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस चौकी से महज 40 मीटर की दूरी पर वारदात
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह दुस्साहसिक वारदात हनुमान फाटक पुलिस चौकी से महज 40 मीटर की दूरी पर हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 3 बजे की है।
हमलावर नेशनल इंटर कॉलेज की ओर से गली में दाखिल हुआ और उसने एक के बाद एक तीन अलग-अलग जगहों पर सो रहे लोगों को अपना निशाना बनाया:
-
पहला हमला: हमलावर ने सबसे पहले घर के बाहर सो रहे पान दुकानदार अशोक पासवान उर्फ बाबाजी (60) पर ईंट-पत्थर से जानलेवा वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर (BHU Trauma Center) में भर्ती कराया गया है।
-
दूसरा हमला (हत्या): इसके बाद वह कुछ दूरी पर स्थित एक दुकान में सो रहे साड़ी कारीगर पप्पू के पास पहुंचा और उसके सिर पर भारी पत्थर पटक कर उसकी हत्या कर दी।
-
तीसरा हमला: भागते समय इस सिरफिरे हमलावर ने घर के बाहर सो रहे 55 वर्षीय गणेशु कनौजिया पर भी वार किया और पुलिस चौकी के सामने से फरार हो गया। गणेशु को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
अधिकारियों में मचा हड़कंप, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सुबह होते ही जब खून से लथपथ शव और घायलों की जानकारी मिली, तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीसीपी वैभव बांगर, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह और आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने तत्काल दल-बल के साथ घटनास्थल का मौका-मुआयना किया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली गई है।
दुकान खाली कराने के विवाद में हत्या का आरोप
मृतक पप्पू के परिजनों ने इस हत्या के पीछे एक गहरी साजिश का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पप्पू अविवाहित था और हनुमान फाटक के पास ही किराए की दुकान लेकर काम करता था।
पिछले कुछ समय से दुकान खाली करने को लेकर उसका अपने मकान मालिक से गहरा विवाद चल रहा था। परिजनों को आशंका है कि इसी विवाद के चलते उसकी हत्या करवाई गई है।
डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं (दुकान विवाद और सिरफिरे हमलावर का एंगल) को ध्यान में रखकर मामले की सघन जांच कर रही है।
हमलावर ने तीन अलग-अलग लोगों को क्यों निशाना बनाया, जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।











