CM Yogi Adityanath showering flower petals on Kanwar Yatra pilgrims in Meerut.

CM योगी ने मेरठ में कांवड़ियों पर की पुष्प वर्षा, हर हर महादेव की गूंज

मेरठ पहुंचे CM योगी: कांवड़ियों पर की पुष्प वर्षा, सुरक्षा सख्त; 8 और 9 अगस्त का हेलीकॉप्टर शेड्यूल जारी”

मेरठ (उत्तर प्रदेश): द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट

पश्चिम उत्तर प्रदेश में पवित्र कांवड़ यात्रा का उत्साह चरम पर है। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद मेरठ के दुल्हैडा चुंगी पहुंचे और हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।

 

भगवा रंग में रंगे कांवड़ मार्ग पर फूलों की बारिश और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों के बीच शिवभक्तों का उत्साह देखने लायक था। मुख्यमंत्री करीब 30 मिनट तक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे।

हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए सीएम योगी

दुल्हैडा चुंगी पर कांवड़ियों का स्वागत करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार द्वारा शोभित विश्वविद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पहुंचे।

वहां से उनका हेलीकॉप्टर गाजियाबाद के हिंडन एयरफोर्स स्टेशन के लिए रवाना हो गया। इस दौरान कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई।

सुरक्षा व्यवस्था सख्त, मंच के सामने ड्रोन उड़ने से मचा हड़कंप

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शोभित विश्वविद्यालय से दुल्हैडा चुंगी तक पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया था।

हालांकि, कार्यक्रम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब मंच के ठीक सामने आसमान में एक अज्ञात ड्रोन उड़ता दिखाई दिया।

नो-फ्लाई जोन में बिना अनुमति ड्रोन उड़ता देख सुरक्षा कर्मियों में खलबली मच गई। इसके बाद माइक से तत्काल घोषणा कराई गई कि ड्रोन संचालक उसे तुरंत नीचे उतारे। घोषणा के कुछ ही देर बाद ड्रोन को नीचे लैंड करा लिया गया।

8 और 9 अगस्त को हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा का पूरा प्लान

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कांवड़ यात्रियों के स्वागत में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की विशेष योजना तैयार की गई है, जिसके तहत कुल 10 घंटे 25 मिनट की उड़ान तय की गई है:

  • 8 अगस्त (कुल 6 घंटे 10 मिनट):

    • 10:30 – 11:15 AM: बागपत में पुष्पवर्षा (नोडल अधिकारी: डीएम व एसपी बागपत)

    • 11:45 – 12:45 PM: सहारनपुर से मुजफ्फरनगर क्षेत्र में पुष्पवर्षा (नोडल अधिकारी: कमिश्नर व डीआईजी सहारनपुर)

    • 01:30 – 02:15 PM: मुजफ्फरनगर में पुष्पवर्षा (नोडल अधिकारी: डीएम व एसएसपी मुजफ्फरनगर)

    • 03:45 – 04:30 PM: मेरठ में पुष्पवर्षा (नोडल अधिकारी: डीएम व एसएसपी मेरठ)

  • 9 अगस्त (कुल 4 घंटे 15 मिनट):

    • 08:30 – 09:15 AM: मेरठ से गाजियाबाद क्षेत्र में पुष्पवर्षा (नोडल अधिकारी: कमिश्नर व डीआईजी मेरठ)

    • 09:45 – 10:30 AM: गाजियाबाद से हापुड़ क्षेत्र में पुष्पवर्षा (नोडल अधिकारी: पुलिस कमिश्नर व डीएम गाजियाबाद)

    • 11:15 – 12:00 PM: हापुड़ से बुलंदशहर क्षेत्र में पुष्पवर्षा (नोडल अधिकारी: डीएम व एसपी हापुड़)

    • 12:30 – 01:00 PM: बुलंदशहर में पुष्पवर्षा (नोडल अधिकारी: डीएम व एसएसपी बुलंदशहर)

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों और पुलिस गश्त के जरिए लगातार पैनी नजर रखी जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।