उत्तराखंड : उत्तरकाशी जिले के गंगनानी क्षेत्र में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, छह लोगों की मृत्यु 

“उत्तरकाशी जिले के गंगनानी क्षेत्र में आज सुबह एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार छह लोगों की मृत्यु हो गई है। इस दुर्घटना में घायल एक यात्री को एयर एम्बुलेंस से एम्स ऋषिकेश रैफर किया गया”

उत्तरकाशी 08 / 05 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

हमारे संवाददाता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन, चिकित्सा व अन्य आपदा राहत दलों ने मौके पर राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया है। आपातकालीन परिचालन केंद्र, के अनुसार हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 07 यात्री सवार थे, जिनमें से 3 यात्री मुंबई, 1 उत्तर प्रदेश के बरेली, 1 आंध्र प्रदेश और 1 गुजरात के बडोदरा का बताया जा रहा है।
 
हेलीकॉप्टर ने सुबह देहरादून के सहस्त्रधारा से उड़ान भरकर यात्रियों को खरसाली हैलीपैड पर उतारा गया। उसके बाद हेलीकॉप्टर खरसाली से अन्य यात्रियों को लेकर झाला-हर्षिल हैलीपैड के लिए रवाना हुआ। इस बीच यह घटना घटित हुई।
 
राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हताहत हुए लोगों के प्रति दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को घायल व्यक्ति को हर संभव सहायता प्रदान करने और दुर्घटना की जांच के निर्देश भी दिए हैं।