उत्तर प्रदेश : आज वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत लगाए जाएंगे 37 करोड़ पौधे, सीएम योगी अयोध्या में रहेंगे मौजूद

“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एक पेड़ मां के नाम थीम पर उत्तर प्रदेश में 9 जुलाई को 37 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या और आजमगढ़ में पौधरोपण महाभियान-2025 का शुभारंभ करेंगे। इसके लिए नर्सरियों व अन्य स्थानों पर 52.43 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं”

लखनऊ 09 / 07 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सभी मंत्री जिलों में रहकर पौधरोपण करेंगे। महाभियान के लिए नामित नोडल अधिकारियों ने आवंटित जिलों में मंगलवार को पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और वन विभाग के अधिकारियों साथ इसे अंतिम रूप दिया।

वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी अयोध्या व आजमगढ़ में पौधरोपण करेंगे। वहां मुख्यमंत्री जनसंवाद भी करेंगे और कार्बन क्रेडिट के तहत सात किसानों को चेक भी प्रदान करेंगे। वहीं, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बाराबंकी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मेरठ और ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधरोपण करेंगे।

इस अभियान में 26 विभागों और 25 करोड़ नागरिकों की सहभागिता रहेगी। सर्वाधिक लखनऊ मंडल में पौधे लगेंगे। वन, वन्यजीव व पर्यावरण विभाग मिलकर सर्वाधिक 14 करोड़ से अधिक पौधे लगाएंगे।

सभी कार्यालय, विद्यालय व अन्य संस्थाएं आधे दिन केवल पौधरोपण कार्य में सहयोग देंगी।पौधरोपण के बाद पौधों की सुरक्षा के लिए कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) फंड का इस्तेमाल होगा।

बैंकों और निजी कंपनियों से रोपण क्षेत्रों को गोद लेने और पौधों की सिंचाई व सुरक्षा के लिए संसाधन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इससे पौधरोेपण अभियान तकनीकी नवाचार और सामुदायिक सहयोग के बल पर और भी प्रभावी होने की उम्मीद है।