हिमाचल : मौसम विभाग ने सात जिलों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया
“भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश के चांबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर में अचानक बाढ़ आने की चेतावनी जारी की है”
शिमला 09 / 07 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के अलग-अलग स्थानों पर सोमवार तक भारी बारिश जारी रहने की चेतावनी देते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से प्रदेश में 225 सड़कें बंद हैं जिनमें सर्वाधिक प्रभावित मंडी जिले में 153 सड़कें शामिल हैं।
163 ट्रांसफार्मर और 174 जलापूर्ति योजनाएं भी ठप पड़ी हैं। 1 जून से 8 जुलाई के बीच हिमाचल में 203.2 मिमी वर्षा हुई है, जबकि इस दौरान सामान्य तौर पर 152.6 मिमी वर्षा होती है। वर्षा जनित घटनाओं में अब तक 52 लोगों की जान जा चुकी है।
चंबा के चुराह में फटा बादल, फसलें तबाह
हिमाचल प्रदेश में जारी बारिश के दौर के बीच मंगलवार सुबह चंबा जिले के चुराह में तीन दिन बाद फिर बादल फटा है। इससे नाले में आई बाढ़ से खेतों में मक्की की फसल तबाह हो गई और नकरोड़-थल्ली मार्ग को नुकसान पहुंचा है।
करसोग में 30 जून की रात बादल फटने के बाद आई बाढ़ में लापता ललित कुमार का शव मंगलवार को करला के पास सतलुज नदी से बरामद हुआ। मंडी जिले में आपदा में मरने वालों की संख्या 19 पहुंच गई है। बादल छाए रहने से गगल एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट और इंडिगो की दिल्ली से आने वाली उड़ानें रद्द हो गईं।











