TRAI हुआ सख्त: अब मिलेंगे बिना डेटा वाले सस्ते कॉलिंग-SMS रिचार्ज प्लान
करोड़ों मोबाइल यूजर्स के लिए TRAI का बड़ा फैसला: बिना डेटा वाले ‘Voice और SMS-Only’ रिचार्ज प्लान लाने का निर्देश, 30 दिन की वैलिडिटी पर जोर”
नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
भारत के करोड़ों प्रीपेड मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए टेलीकॉम सेक्टर से एक बेहद अहम और राहत भरी खबर सामने आई है।
भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने ‘टेलीकॉम उपभोक्ता संरक्षण (तेरहवां संशोधन) विनियम, 2026’ जारी कर दिए हैं।
नए नियमों का मुख्य उद्देश्य उन करोड़ों ग्राहकों और कम आय वर्ग के उपभोक्ताओं को सस्ते और अधिक विकल्प उपलब्ध कराना है,
जिन्हें इंटरनेट डेटा की आवश्यकता नहीं होती और वे मुख्य रूप से केवल कॉलिंग (Voice) और एसएमएस (SMS) के लिए मोबाइल सेवा का उपयोग करते हैं।
TRAI के नए नियमों की 3 सबसे बड़ी बातें:
-
1. Voice और SMS-Only प्लान (STV) होंगे अनिवार्य: टेलीकॉम कंपनियों को अब डेटा वाले महंगे बंडल प्लान्स (Voice + SMS + Data) की अलग-अलग वैलिडिटी के अनुरूप केवल कॉलिंग और एसएमएस वाले स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) उपलब्ध कराने होंगे।
-
इसमें 30 दिन और 30 दिन से कम अवधि के अलावा लंबी अवधि (Long-term validity) वाला कम से कम एक प्लान शामिल करना अनिवार्य होगा।
-
2. हर महीने एक ही तारीख पर रिचार्ज रिन्यूअल का विकल्प: कैलेंडर-मंथ के हिसाब से रिचार्ज कराने वाले ग्राहकों की सुविधा के लिए हर महीने एक ही तारीख पर वैलिडिटी रिन्यू होने वाले प्लान का प्रावधान किया गया है।
-
यदि किसी महीने में वह निर्धारित तारीख उपलब्ध नहीं होती है (जैसे 31 तारीख या फरवरी का महीना), तो प्लान उस महीने की आखिरी तारीख को रिन्यू माना जाएगा।
-
3. बिना डेटा वाले ग्राहकों पर कम होगा बोझ: अब फीचर फोन यूजर्स, वरिष्ठ नागरिकों या सेकेंडरी सिम रखने वाले लोगों को मजबूरी में डेटा वाले महंगे पैकेज रिचार्ज नहीं कराने पड़ेंगे।
-
वे अपनी जरूरत और बजट के अनुसार केवल कॉलिंग और एसएमएस वाले प्लान चुन सकेंगे।
क्या बंद हो जाएंगे 28 दिन वाले रिचार्ज प्लान? जानें सच्चाई
मोबाइल उपभोक्ताओं के बीच 28 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान को लेकर लंबे समय से नाराजगी रही है।
मार्च 2026 में राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भी संसद में यह मुद्दा उठाते हुए कहा था कि 28 दिन के कथित ‘मंथली प्लान’ की वजह से ग्राहकों को साल के 12 महीनों में 13 बार रिचार्ज कराना पड़ता है, इसलिए इसे 30 दिन का किया जाना चाहिए।
हालांकि, 22 सितंबर को जारी TRAI के अंतिम नियमों को लेकर यह स्पष्ट करना जरूरी है कि सभी 28-दिन वाले रिचार्ज प्लान बंद नहीं किए गए हैं, और न ही हर मौजूदा प्लान को जबरन 30 दिन का किया गया है।
नए नियम मुख्य रूप से हर वैलिडिटी श्रेणी में ‘Voice और SMS-only’ के अलग विकल्प देने और 30 दिन व कैलेंडर-मंथ के विकल्प सुनिश्चित करने पर केंद्रित हैं।
अप्रैल 2026 में शुरू हुई थी बदलाव की प्रक्रिया
इस बड़े संशोधन को लागू करने से पहले TRAI ने व्यापक जन-परामर्श किया था। प्राधिकरण ने 7 अप्रैल 2026 को इस तेरहवें संशोधन का ड्राफ्ट जारी कर आम जनता और हितधारकों से सुझाव मांगे थे।
इस ड्राफ्ट पर कुल 1,132 प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुईं, जिसके बाद 15 जून 2026 को एक ‘ओपन हाउस डिस्कशन’ (खुली चर्चा) का आयोजन किया गया।
सभी पक्षों की राय सुनने के बाद अब इन अंतिम नियमों को अधिसूचित किया गया है। अब यह टेलीकॉम कंपनियों के टैरिफ निर्धारण पर निर्भर करेगा कि वे इन नए Voice-SMS प्लान्स को किस कीमत पर बाजार में उतारती हैं।











