आम जनता को राहत: सोमवार से होने वाली 3 दिन की बैंक हड़ताल टली
आम जनता को बड़ी राहत: सोमवार से होने वाली 3 दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल टली, IBA और यूनियनों के बीच ‘5-डे बैंकिंग’ समेत 3 प्रमुख मांगों पर बनी सहमति”
नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
देशभर के करोड़ों बैंक ग्राहकों के लिए सोमवार की सुबह एक बड़ी राहत लेकर आई है। 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को फिलहाल टाल दिया गया है।
रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई मैराथन बैठक में सकारात्मक सहमति बनने के बाद यूनियनों ने हड़ताल वापस लेने का ऐलान किया।
इस फैसले से देश की बैंकिंग व्यवस्था लगातार पांच दिनों तक ठप होने से बच गई है।
रविवार रात 9:30 बजे की बैठक में निकला समाधान
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा जारी सर्कुलर संख्या 2026/31 के अनुसार, रविवार रात 9:30 बजे आईबीए (IBA) और बैंक यूनियन के शीर्ष नेताओं के बीच एक महत्वपूर्ण सुलह बैठक हुई।
गहन विचार-विमर्श के बाद दोनों पक्षों के बीच तीन प्रमुख बिंदुओं पर सहमति बनी, जिसके बाद हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया गया:
-
1. ‘फाइव-डे बैंकिंग’ (सभी शनिवार छुट्टी) पर उच्चस्तरीय कमेटी: महीने के सभी बचे हुए शनिवारों को आधिकारिक बैंक अवकाश घोषित करने के सबसे बड़े मुद्दे पर विचार करने के लिए IBA और UFBU की एक संयुक्त उच्चस्तरीय समिति (High-Level Committee) गठित की जाएगी।
-
यह कमेटी सभी पक्षों और विशेष रूप से आम ग्राहकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एक सर्वमान्य समाधान तलाशेगी।
-
2. PLI स्कीम में संशोधन: स्केल-IV (Scale IV) और उससे ऊपर के बैंक अधिकारियों के लिए लागू ‘प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन’ (Performance Linked Incentive – PLI) योजना को लेकर यूनियनों की आपत्तियों को दूर किया जाएगा। इसमें संशोधन पर चर्चा कर प्रस्ताव आगे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
-
3. लंबित मुद्दों का शीघ्र निपटारा: 8 मार्च 2024 के समझौते (Minutes) में सूचीबद्ध अन्य सभी लंबित मांगों और मुद्दों के त्वरित समाधान के लिए दोनों पक्षों के बीच निरंतर वार्ता जारी रहेगी।
इन प्रमुख यूनियन नेताओं ने किए हस्ताक्षर
हड़ताल वापसी के आधिकारिक सर्कुलर पर बैंक यूनियनों के सभी प्रमुख नेताओं ने हस्ताक्षर किए हैं।
इनमें एआईबीईए (AIBEA) के सी.एच. वेंकटाचलम, एआईबीओसी (AIBOC) के रूपम रॉय, एनसीबीई (NCBE) के एल. चंद्रशेखर, एआईबीओए (AIBOA) के संजय खान, बीईएफआई (BEFI) के देबाशीष बासु चौधरी, आईएनबीओसी (INBOC) के प्रेम मक्कर और आईएनबीईएफ (INBEF) के ओ.पी. शर्मा शामिल हैं।
यूनियन की ओर से इस संबंध में विस्तृत सर्कुलर भी जल्द जारी किया जाएगा।
लगातार 5 दिन बैंक बंद रहने का टला संकट
गौरतलब है कि बैंक कर्मचारियों के शीर्ष संगठन UFBU ने अपनी मांगों को लेकर 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था।
इससे ठीक पहले 26 सितंबर को चौथे शनिवार और 27 सितंबर को रविवार का अवकाश था। यदि यह हड़ताल होती, तो देशभर में लगातार 5 दिनों तक बैंकों का कामकाज पूरी तरह ठप हो जाता, जिससे आम जनता, व्यापारियों और वित्तीय लेनदेन पर बेहद बुरा असर पड़ता।
इसी संकट को देखते हुए पहले रविवार को भी कुछ बैंक शाखाएं खोलने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब हड़ताल टलने से सोमवार से सभी बैंकों में सामान्य रूप से कामकाज सुचारू रहेगा।











